27 अक्टूबर को गैरसैंण में विधानसभा घेराव करेगी कांग्रेस
देहरादून। उत्तराखंड में भाजपा सरकार की नीतियों और प्रदेश से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने आंदोलन की तैयारी तेज कर दी है। पार्टी की ओर से 22 से 26 अक्टूबर तक गढ़वाल और कुमाऊं मंडल में न्याय यात्रा निकाली जाएगी। इसकी शुरुआत बदरीनाथ धाम और अल्मोड़ा स्थित गोल्ज्यू मंदिर से होगी। यात्रा के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अपने-अपने क्षेत्रों में शामिल होकर जनता के बीच सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज उठाएंगे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, महिला उत्पीड़न और प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों को लेकर यह अभियान चलाया जा रहा है। कांग्रेस का उद्देश्य इन समस्याओं को जनता के बीच उठाने के साथ ही सरकार की नीतियों के प्रति लोगों को जागरूक करना है।
बदरीनाथ और गोल्ज्यू मंदिर से होगा यात्रा का आगाज
22 अक्टूबर को बदरीनाथ धाम में पूजा-अर्चना के बाद गढ़वाल मंडल में न्याय यात्रा शुरू की जाएगी। वहीं, कुमाऊं मंडल में अल्मोड़ा के गोल्ज्यू मंदिर में पूजा-अर्चना कर यात्रा का शुभारंभ होगा। इसके बाद यात्रा विभिन्न क्षेत्रों से होकर आगे बढ़ेगी। हरिद्वार और ऋषिकेश होते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता 26 अक्टूबर को गैरसैंण पहुंचेंगे। इसके अगले दिन यानी 27 अक्टूबर को विधानसभा घेराव का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
कांग्रेस भवन में हुई बैठक, पदाधिकारियों को सौंपी जाएंगी जिम्मेदारियां
न्याय यात्रा की तैयारियों को लेकर मंगलवार को कांग्रेस भवन में चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह की अध्यक्षता में जिला और महानगर के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा की रणनीति और कार्यक्रम को प्रभावी बनाने पर चर्चा की गई।
प्रीतम सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और खराब कानून व्यवस्था जैसी समस्याओं से जूझ रही है। उन्होंने कहा कि रोजगार की तलाश में युवा परेशान हैं, जबकि महिलाएं अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। उनके अनुसार, भाजपा सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा करने में नाकाम रही है।
जनता के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई बताएगी कांग्रेस
प्रीतम सिंह ने कहा कि न्याय यात्रा को केवल राजनीतिक कार्यक्रम के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि यह प्रदेश के लोगों के अधिकार, सम्मान और न्याय के लिए चलाया जा रहा अभियान है। कांग्रेस यात्रा के माध्यम से सरकार की कथित विफलताओं को जनता के सामने रखेगी और विभिन्न क्षेत्रों में लोगों की समस्याओं को भी सुनेगी।
पार्टी नेताओं के मुताबिक, गढ़वाल से कुमाऊं तक निकाली जाने वाली इस यात्रा के जरिए जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। इसके बाद 27 अक्टूबर को गैरसैंण में विधानसभा घेराव के माध्यम से कांग्रेस सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराएगी।
देहरादून। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा अपने अंतिम पड़ाव की ओर बढ़ रही है, लेकिन श्रद्धालुओं…
देहरादून। श्री रामकृष्ण लीला समिति टिहरी 1952, देहरादून (पंजीकृत) की ओर से रेसकोर्स स्थित श्री…
देहरादून। उत्तराखंड में जनहित के मुद्दों को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने प्रदेशव्यापी ‘उत्तराखंड न्याय…
my uttarakhand news Bureau Mussoorie, 18 Oct: The ‘Seva Sankalp Abhiyan’ launched by the Mussoorie…
my uttarakhand news Bureau Dehradun, 18 Oct: A delegation of international film producers met Chief…
my uttarakhand news Bureau Dehradun, 18 Oct: State Cabinet Minister Ganesh Joshi inaugurated various development…