
देहरादून, 29 अक्टूबर 2025।श्री गुरु राम राय यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ नर्सिंग में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत उत्साह और उमंग के साथ हुई। नव प्रवेशी छात्र-छात्राओं के स्वागत हेतु कॉलेज परिसर में इंडक्शन प्रोग्राम का भव्य आयोजन किया गया।
इस मौके पर फैकल्टी, स्टाफ और वरिष्ठ विद्यार्थियों ने नए छात्रों का गर्मजोशी से स्वागत किया। गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की मनमोहक धुनों ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के माननीय प्रेसीडेंट श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज के प्रेरणादायक संदेश के साथ हुई।
बुधवार को श्री गुरु राम राय इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड हेल्थ साइंसेज के सभागार में आयोजित समारोह का शुभारंभ डॉ. (प्रो.) जी. रामालक्ष्मी (डीन, कॉलेज ऑफ नर्सिंग), डॉ. मालविका कांडपाल (डीन, यूनिवर्सिटी स्टूडेंट वेलफेयर एसोसिएशन) और डॉ. संजय शर्मा (परीक्षा नियंत्रक) ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
एमएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक नर्सिंग, बीएससी नर्सिंग, जीएनएम और एएनएम पाठ्यक्रमों के क्लास कोऑर्डिनेटर्स ने विद्यार्थियों को उनके कोर्स करिकुलम और भविष्य की संभावनाओं से अवगत कराया। साथ ही, वरिष्ठ विद्यार्थियों ने मंच पर नृत्य, गीत और ज्ञानवर्धक प्रस्तुतियों से सभी का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम में डॉ. (प्रो.) जी. रामालक्ष्मी ने नवागंतुक छात्रों का स्वागत करते हुए नर्सिंग शिक्षा के महत्व और सामाजिक योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नर्सिंग केवल एक पेशा नहीं, बल्कि सेवा और संवेदना का प्रतीक है।
वहीं, डॉ. मालविका कांडपाल ने विद्यार्थियों को यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट वेलफेयर कार्यक्रमों की जानकारी दी और अनुशासन व समर्पण के महत्व पर जोर दिया।
इस अवसर पर डॉ. के. पन्मारी, रीना मईबम, अनुग्रह रोबर्ट, गरिमा क्षेत्री, कंचन नेगी और प्रगति रावत सहित अनेक संकाय सदस्य उपस्थित रहे। पूरा समारोह आशा, ऊर्जा और उत्साह से सराबोर रहा, जिसमें नए विद्यार्थियों ने नर्सिंग की दुनिया में अपने उज्जवल भविष्य की ओर पहला कदम बढ़ाया।
मुख्य बातें:
श्री गुरु राम राय यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ नर्सिंग में इंडक्शन प्रोग्राम का आयोजन।
नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजा स्वागत समारोह।
नए विद्यार्थियों को नर्सिंग पाठ्यक्रम और करियर मार्गदर्शन की जानकारी दी गई।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन और सेवा भावना को अपनाने का संदेश दिया।
