
हरिद्वार। अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो प्रकरण में पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। पूर्व विधायक सुरेश राठौर के बाद अब पुलिस ने अभिनेत्री उर्मिला सनावर के घर पर भी नोटिस चस्पा किया है। उर्मिला को जल्द थाने में पेश होने के निर्देश दिए गए हैं। नोटिस चस्पा होने के बाद से पूर्व विधायक सुरेश राठौर और अभिनेत्री उर्मिला सनावर दोनों ही भूमिगत बताए जा रहे हैं।
दरअसल, बीते दिनों अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया था, जिसमें उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत गौतम का नाम लिया था। ऑडियो सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल मच गई थी। इसके बाद संत शिरोमणि गुरु रविदास विश्व महापीठ के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बहादराबाद थाने में पूर्व विधायक सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप लगाया गया था कि झूठे आरोप लगाकर महापीठ के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष दुष्यंत गौतम को बदनाम किया गया है।
पुलिस ने बीते शनिवार को पूर्व विधायक सुरेश राठौर के घर पर नोटिस चस्पा किया था, लेकिन वे थाने में पेश नहीं हुए। रविवार को उनकी पत्नी रविंद्र कौर थाने पहुंची थीं और बताया था कि उनके पति कहीं बाहर हैं।
बुधवार को पुलिस की एक टीम सहारनपुर पहुंची, जहां अभिनेत्री उर्मिला सनावर अपने घर पर नहीं मिलीं। इसके बाद पुलिस ने उनके घर के बाहर नोटिस चस्पा कर दिया और जल्द थाने में पेश होने के निर्देश दिए। पुलिस का कहना है कि यदि निर्धारित समय में पेश नहीं हुईं तो आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी।
गौरतलब है कि दो दिन पहले उर्मिला सनावर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने पुलिस के उनके पीछे लगे होने की बात कही थी। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल पाया है, जिसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। इस मामले में एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि पुलिस टीम लगातार जांच में जुटी हुई है और मामले की गंभीरता से पड़ताल की जा रही है।
Post Views: 2
Post navigation
