
देहरादून। उत्तराखंड में मौसम की सर्दी ने अब तक लोगों को काफी परेशान किया है, लेकिन मौसम विज्ञानियों ने अब अगले दो दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम बिगड़ने की चेतावनी दी है। मौसम केंद्र के अनुसार, आज और कल प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन मैदानी जिलों देहरादून, ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार समेत नैनीताल, चंपावत और पौड़ी में घना कोहरा छाए रहने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इस मौसम में बारिश-बर्फबारी न होने से सूखी ठंड मैदान और पहाड़ दोनों जगह लोगों के लिए मुश्किलें बढ़ा रही है। मौसम विज्ञानियों ने बताया कि दो दिन बाद पर्वतीय इलाकों में मौसम बिगड़ सकता है, जिससे प्रदेशभर में दिन के अधिकतम तापमान में गिरावट देखी जा सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 16 से 19 जनवरी के बीच उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं, 3400 मीटर से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है।
मैदानी इलाकों में सूखी ठंड का असर सबसे अधिक महसूस किया जा रहा है। आने वाले दिनों में रात का न्यूनतम तापमान गिरने की संभावना है, इसलिए लोगों को ठंड से बचाव के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
Post Views: 5
Post navigation
