

सितारगंज। दुबई और अबूधाबी में ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़े विवाद के चलते सितारगंज निवासी एक व्यक्ति को पाकिस्तान से फोन कर जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। मामला अंतरराष्ट्रीय स्तर से जुड़ा होने के कारण पुलिस इसे गंभीरता से ले रही है।
कोतवाली में दी गई तहरीर में गुरदेव सिंह पुत्र केहर सिंह निवासी कोन्धा अशरफ ने बताया कि वह और उसका भाई जसबीर सिंह दुबई में ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े हैं। बताया कि जसबीर सिंह जम्मू ट्रांसपोर्ट का मालिक है और दुबई में ट्रांसपोर्ट का संचालन करता है। इसी व्यवसाय के अंतर्गत ट्रकों के आदान-प्रदान और लेनदेन को लेकर उनका विवाद अबूधाबी में मुहास्सा ट्रांसपोर्ट का संचालन करने वाले अवतार सिंह पुत्र गुरनेक सिंह से चल रहा है, जो मूल रूप से पंजाब का निवासी है। पीड़ित का आरोप है कि अवतार सिंह आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है और दुबई में उसके ड्रग्स स्मगलरों सहित अन्य गलत तत्वों से संबंध हैं।
आरोप लगाया गया है कि अवतार सिंह ने अपने परिवार को छोड़कर एक पाकिस्तानी महिला से विवाह किया, जिसके चलते उसके पाकिस्तान से भी संपर्क स्थापित हो गए। इसी नेटवर्क के माध्यम से पीड़ित और उसके परिवार को धमकियां दी जा रही हैं। आरोप है कि अवतार सिंह ने पहले भी गुरदेव सिंह के भाई जसबीर सिंह और उसके पुत्र सनमोल सिंह को जान से मारने की धमकियां दी थीं। इस संबंध में अबूधाबी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामला अबूधाबी की अदालत तक पहुंचा, जहां अवतार सिंह को तीन माह की सजा, 51 हजार दिरहम का जुर्माना तथा डिपोर्ट करने का आदेश दिया गया। इसके अलावा एक अन्य मुकदमा दुबई की अदालत में अभी विचाराधीन बताया गया है।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि दुबई में चल रहे मुकदमों को वापस लेने और अवैध रूप से धन वसूली के उद्देश्य से उसे और उसके भाई को लगातार फोन कर डराया-धमकाया जा रहा है। गुरुवार दोपहर लगभग 2.42 बजे उसके मोबाइल नंबर पर पाकिस्तान के नंबर से काल आई। फोन करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को अवतार सिंह का करीबी बताते हुए मुकदमे वापस लेने और हिसाब-किताब निपटाने का दबाव बनाया। मांग न मानने पर पूरे परिवार को भारत में जान से मारने, पेट्रोल पंप को नुकसान पहुंचाने और ग्रेनेड से हमला करने जैसी गंभीर धमकियां दी गईं। पीड़ित का कहना है कि धमकी देने वाले व्यक्ति ने भारत में अपने संपर्क होने और जांच एजेंसियों तक पहुंच का दावा भी किया, जिससे परिवार भयभीत है।
पीड़ित ने धमकी भरी काल को किया रिकार्डपीड़ित के अनुसार, धमकी भरे सभी फोन कॉल की रिकॉर्डिंग उसके पास सुरक्षित है, जिसे उसने पुलिस को साक्ष्य के रूप में सौंप दिया है। गुरदेव सिंह ने आशंका जताई है कि आरोपी पक्ष उसे, उसके स्वजन और सिडकुल सितारगंज स्थित उसके पेट्रोल पंप को नुकसान पहुंचा सकता है। इसी को देखते हुए उसने पुलिस से रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने के साथ-साथ स्वयं और परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। कोतवाली प्रभारी सुंदरम शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। कॉल डिटेल, मोबाइल नंबरों की तकनीकी जांच, रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पीड़ित की सुरक्षा को लेकर भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
