
धर्मनगरी हरिद्वार में वसंत पंचमी के पावन अवसर पर उस समय असहज स्थिति उत्पन्न हो गई, जब उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की पुत्रवधू एवं उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव मीडिया के कुछ सवालों को लेकर नाराज हो गईं। मामला उनके निजी वैवाहिक जीवन से जुड़े एक प्रश्न से जुड़ा बताया जा रहा है।
दरअसल, अपर्णा यादव वसंत पंचमी के अवसर पर हरिद्वार स्थित वीआईपी घाट पर गंगा स्नान के लिए पहुंची थीं। स्नान संपन्न करने के बाद जब वह घाट से बाहर निकलकर वीआईपी घाट स्थित गेस्ट हाउस की ओर लौट रही थीं, उसी दौरान कुछ मीडियाकर्मियों ने उनका वीडियो बनाना शुरू कर दिया।
इसी बीच कुछ पत्रकारों द्वारा उनके निजी जीवन, विशेष रूप से तलाक से जुड़े प्रश्न पूछे जाने पर वह असहज हो गईं। बताया जा रहा है कि इस सवाल को उन्होंने व्यक्तिगत मर्यादा का उल्लंघन मानते हुए कड़ी आपत्ति जताई और नाराजगी व्यक्त की।
अपर्णा यादव ने आरोप लगाया कि स्नान के दौरान भी अनुचित तरीके से वीडियो बनाया गया, जो उनकी निजता का हनन है। उन्होंने इस व्यवहार को असंगत और अस्वीकार्य बताते हुए विरोध दर्ज कराया। स्थिति को संवेदनशील होता देख उनके साथ मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप किया और पत्रकारों को हटाते हुए वीडियो न बनाने के निर्देश दिए।
इस दौरान अपर्णा यादव ने स्नान के समय वीडियो बनाने वाले तीन पत्रकारों की पहचान के लिए उनकी तस्वीरें भी खिंचवाईं। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें घेरे में लेकर वीआईपी गेस्ट हाउस की ओर ले गए। इस घटनाक्रम के दौरान उन्होंने मीडिया से किसी भी प्रकार की बातचीत करने से इनकार कर दिया।
सूत्रों के अनुसार, अपर्णा यादव उत्तराखंड प्रवास के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित दौरे के संदर्भ में उनसे भेंट करने हरिद्वार आई थीं, हालांकि समयाभाव के कारण यह मुलाकात नहीं हो सकी। हरिद्वार प्रवास के दौरान उन्होंने योग गुरु स्वामी रामदेव से भेंट की।
फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर किसी आधिकारिक शिकायत की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि अपर्णा यादव ने वीडियो बनाने वाले पत्रकारों के संबंध में पुलिस अधिकारियों से शिकायत की है।
