हरिद्वार। हरिद्वार जिले में अवैध खनन से जुड़े एक ऑडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कड़ी कार्रवाई करते हुए झबरेड़ा थाना क्षेत्र की इकबालपुर पुलिस चौकी के प्रभारी समेत पूरे स्टाफ को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ ऑडियो
बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर वायरल हुए ऑडियो में कथित तौर पर अवैध खनन से जुड़े लेनदेन और चौकी प्रभारी से संपर्क कराने को लेकर बातचीत सुनाई दे रही है। ऑडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने तुरंत संज्ञान लेते हुए प्रारंभिक जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच के बाद सस्पेंशन
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के अनुसार शुरुआती जांच में पुलिस कर्मियों की संभावित भूमिका के संकेत मिलने पर पूरी चौकी के स्टाफ को निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस की छवि को नुकसान पहुंचाने वाली किसी भी गतिविधि को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एसपी देहात को सौंपी गई जांच
इस मामले की विस्तृत जांच के लिए एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल को जिम्मेदारी दी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
पुलिस विभाग में गया सख्त संदेश
इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में साफ संदेश गया है कि अवैध खनन या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्तता पाए जाने पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।
Post Views: 1
Post navigation
