
रुद्रप्रयाग: आज कल लाखों-हजारों की संख्या में चारधाम यात्रा के लिए श्रद्धालु पहुंच रहे हैं. वहीं प्रशासन भी सतर्क बना हुआ है. कोई किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतना चाह रहा, जिससे बड़ा हादसा हो सके. इसी को लेकर चप्पे-चप्पे पर पुलिस जवान तैनात हैं. चेकिंग की जा रही है. इस बीच केदारनाथ धाम हड़कंप मच गया. यहां एक शख्स बैग लेकर पहुंचा. जब जांच की गई तो बैग में धारदार हथियार और बंदूकें मिलीं. मगर, बंदूक खिलौना वाली निकलीं. अब पुलिस आगे की जांच में लग गई है. आइए जानते हैं पूरा मामला…
केदारनाथ में एक टेंट में एक शख्स रुका. उसके पास बैग था. शक होने पर पुलिस ने चेकिंग की तो दो धारदार हथियार और खिलौना बंदूकें बरामद हुईं. बाद में जांच पड़ताल करने पर पता चला कि जिस टेंट में शख्स रुका था वहां भी बिना वैध आईडी के उसको रखा गया था. इस पर टेंट वाले पर भी गाज गिर गई और उसके खिलाफ नियमों के उल्लंघन के लिए चालानी कार्रवाई की गई.
इधर जब आगे पूछताछ की तो पता चला शख्स उत्तर प्रदेश के रायबरेली का रहने वाला है. फिर उसके घरवालों से संपर्क किया गया तो पता चला कि व्यक्ति मानसिक रूप से अस्वस्थ है. सीओ केदारनाथ नितिन लोहनी ने बताया कि फिलहाल शुरुआती जांच में शख्स मानसिक रूप से सही नहीं पाया गया है, लेकिन फिर जांच जारी है. छानबीन की जा रही है
