
देहरादून : उत्तराखंड भाजपा में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के दौरे के ठीक बाद बड़ा संगठनात्मक फेरबदल हुआ है. लंबे समय से उत्तराखंड भाजपा के महामंत्री (संगठन) रहे अजेय कुमार को हटाकर राजस्थान का महामंत्री (संगठन) नियुक्त किया गया है. भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने उनके नियुक्ति आदेश जारी किए हैं. यह बदलाव ऐसे समय में हुआ है, जब उत्तराखंड भाजपा चुनावी मोड में प्रवेश कर चुकी है और संगठन को नए सिरे से धार देने की तैयारी चल रही है.
अजेय कुमार पिछले कई वर्षों से उत्तराखंड भाजपा संगठन के सबसे प्रभावशाली चेहरों में शामिल रहे. संगठनात्मक नियुक्तियों से लेकर चुनावी रणनीति और सरकार-संगठन के बीच समन्वय तक उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही, लेकिन पिछले कुछ समय से उनके कार्यकाल को लेकर पार्टी के भीतर कई तरह की चर्चाएं और असंतोष भी सामने आता रहा.अजेय कुमार की राजस्थान में नियुक्ति भाजपा की सामान्य संगठनात्मक प्रक्रिया का हिस्सा जरूर है, लेकिन इसके राजनीतिक संकेत कहीं अधिक गहरे हैं. यह बदलाव बताता है कि भाजपा नेतृत्व उत्तराखंड में 2027 की लड़ाई को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहता.
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के हालिया उत्तराखंड दौरे और लगातार संगठनात्मक बैठकों के बाद आया यह फैसला इस बात का संकेत माना जा रहा है कि पार्टी अब चुनावी मशीनरी को नए सिरे से व्यवस्थित करने की दिशा में आगे बढ़ रही है.
