देहरादून, शिक्षक दिवस पर ग्राफिक एरा में शिक्षकों के बीच रोचक खेल मुकाबले हुए। इनमें रैपिड फायर, सिचुएशन एंड स्टोरी, डम्ब चराड्स जैसे बुद्धिमत्ता से जुड़े खेल शामिल हैं।ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी में शिक्षक दिवस पर ‘सिचुएशन एंड स्टोरी’, ‘डेयर बैलून’ और ‘रैपिड फायर’ जैसे रोचक खेलों ने समारोह में उत्साह भर दिया। सिचुएशन एंड स्टोरी में छात्रों ने शिक्षकों के सामने कोई सिचुएशन रखी थी और शिक्षकों को उससे जुड़े अपने जीवन का कोई किस्सा बताना था। डॉ सुमन नैथानी, डॉ बी पी मिश्रा, जूहि देशमुख ने जिंदगी के रोचक किस्से सुनाये जो मनोरंजक होने के साथ शिक्षाप्रत भी थे। कार्यक्रम का आयोजन यूनिवर्सिटी के स्वरागिनी क्लब ने किया।दूसरी तरफ ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी में भी छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों के साथ डम्ब चराड्स और रैपिड फायर जैसे रोचक खेल खेले। शिक्षकों ने भी बढ़-चढ़कर कार्यक्रम में भाग लिया और गिटार, कोंगो और ड्रम की धुनों के साथ गीत गाकर समारोह में संगीत और उत्साह का रंग भर दिया। छात्र-छात्राओं ने नृत्य और गीतों की प्रस्तुतियां देकर समारोह को और खास बनाया। इस दौरान शिक्षकों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रभारी कुलपति डॉ तबस्सुम नकवी, कुलसचिव डॉ ज्योति छाबड़ा समेत शिक्षक शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
