सड़क से 200 मीटर नीचे खाई में मिला शव, दुर्गम हालात में SDRF टीम ने चलाया रेस्क्यू अभियान
देहरादून। कोल्हूखेत के पास सड़क से करीब 200 से 250 मीटर नीचे गहरी खाई में एक व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ टीम ने करीब 80 मीटर गहरी खाई में उतरकर कड़ी मशक्कत के बाद शव को बरामद किया।
आपदा कंट्रोल रूम देहरादून से एसडीआरएफ को सूचना मिली कि कोल्हूखेत चौकी से करीब 200 मीटर पहले देहरादून की ओर सड़क से नीचे गहरी खाई में एक व्यक्ति का शव गिरा हुआ है। सूचना मिलते ही उच्चाधिकारियों के निर्देश पर उप निरीक्षक राजबर राणा के नेतृत्व में एसडीआरएफ टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंची टीम ने विषम एवं दुर्गम परिस्थितियों के बीच रेस्क्यू अभियान चलाया। करीब 80 मीटर गहरी खाई में उतरकर एसडीआरएफ जवानों ने शव को बाहर निकाला। मृतक की पहचान अजय कोहली (65), निवासी ईसी रोड, देहरादून के रूप में हुई है।
रेस्क्यू के बाद एसडीआरएफ ने शव को आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया। घटना के कारणों की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
Post Views: 1
Post navigation
