

हल्द्वानी; उत्तराखंड में सत्ता की हैट्रिक के लक्ष्य के साथ भाजपा बुधवार से हल्द्वानी में अपना दो दिवसीय बड़ा सियासी महामंथन करने जा रही है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की मौजूदगी में संगठन और सरकार के कामकाज की समीक्षा के साथ चुनावी रणनीति को धार देने पर चर्चा होगी। आज की बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पांचों सांसद और संगठन के वरिष्ठ नेताओं समेत करीब 597 प्रतिनिधि जुटेंगे। इससे पहले पार्टी के एक सर्वे ने भाजपा को खुश कर दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने दावा किया कि पार्टी सर्वे में भाजपा 55 सीटों पर आगे है।
कुमाऊं की सियासी जमीन से 2027 की तैयारियों का रोडमैप निकालने की कोशिश बैठक का प्रमुख एजेंडा रहेगा। प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार और प्रदेश प्रवक्ता सुरेश तिवारी के अनुसार बुधवार सुबह 10:30 बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट उद्घाटन सत्र का शुभारंभ करेंगे। राज्य सभा सांसद नरेश बंसल राजनीतिक प्रस्ताव और केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा विकसित उत्तराखंड का प्रस्ताव प्रस्तुत करेंगे। दोपहर बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष संबोधित करेंगे।
नितिन की कोर ग्रुप संग होगी अलग बैठकभाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन बुधवार शाम करीब सात बजे रामपुर रोड स्थित अमोर होटल में कोर ग्रुप के साथ अलग से भी बैठक करेंगे। करीब एक घंटे की बैठक में कार्यसमिति में जहां सुझावों का खाका बनेगा, वहीं कोर ग्रुप में उन सुझावों को राजनीतिक रणनीति में बदलने की कवायद होगी। मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री, पांच सांसद और तीन राज्य सभा सांसद, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक और डॉ. धन सिंह रावत, सतपाल महाराज, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तीरथ सिंह रावत, तीन प्रदेश महामंत्री दीप्ती रावत, कुंदन परिहार और तरुण बंसल शामिल होंगे।
प्रदेश परिषद में हल्द्वानी आए थे अमित शाहभाजपा प्रदेश कार्यसमिति में शामिल होने हल्द्वानी पहुंचने वाले नितिन नवीन पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे। हालांकि, वर्ष 2018 में तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह प्रदेश परिषद की बैठक में शामिल होने हल्द्वानी आए थे। हल्द्वानी में शुद्धीकरण विवाद के बीच नितिन नवीन का दो दिवसीय हल्द्वानी प्रवास राजनीतिक लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।
‘जिताऊ चेहरा ही टिकट का आधार’भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि फिलहाल किसी मौजूदा विधायक का टिकट बदलने पर कोई चर्चा नहीं है। पार्टी का मुख्य आधार चुनाव में जीत है। जिला कोर कमेटियों से नाम आने के बाद प्रत्येक सीट से तीन-तीन नामों का पैनल केंद्रीय नेतृत्व को भेजा जाएगा।
‘सर्वे में भाजपा 55 सीटों पर आगे’प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि विधायकों की उपलब्धियों और क्षेत्र में स्वीकार्यता का सर्वे भी होगा। इसी आधार पर जिताऊ प्रत्याशी को प्राथमिकता मिलेगी। भट्ट ने दावा किया कि करीब तीन महीने पहले हुए पार्टी सर्वे में भाजपा 55 सीटों पर आगे है। भाजपा में आने के इच्छुक लोगों के लिए दरवाजे खुले हैं।
भगत के आवास में पूर्व सैनिक लामबंदहल्द्वानी। नितिन नवीन के आगमन को लेकर कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत के कार्यालय परिसर में पूर्व सैनिकों की महत्वपूर्ण बैठक हुई। नवीन के स्वागत और प्रस्तावित कार्यक्रमों में पूर्व सैनिकों की सक्रिय भागीदारी को लेकर चर्चा की गई। कैप्टन दयाकिशन जोशी, कुंदन चिलवाल, सुनील भट्ट, अर्जुन सिंह भंडारी, गोविंद बड़ती, सोबन सिंह भड़, भुवन भगत और मदन सिंह आदि रहे।
आज के कार्यक्रम● 10:30 बजे : भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति का सीएम और प्रदेश अध्यक्ष करेंगे उद्घाटन।
● 1:00 बजे : दोपहर तक पहला सत्र चलेगा, तीन बजे दूसरे सत्र में राष्ट्रीय अध्यक्ष का संबोधन
● 7:00 बजे शाम को होटल अमोर में राष्ट्रीय अध्यक्ष की प्रदेश के कोर ग्रुप संग बैठक होगी।
सुबह कार्यसमिति, शाम को कोर कमेटी की बैठक में आएंगे सीएमनैनीताल जिला कार्यालय प्रभारी अधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार, सीएम पुष्कर धामी आज बुधवार को हल्द्वानी भ्रमण पर रहेंगे। वह सुबह 10:05 बजे एफटीआई हैलीपैड हल्द्वानी पहुंचेंगे। जहां से वे सुबह 10:25 बजे होटल विंटेज ग्रीन रामपुर रोड हल्द्वानी आएंगे।
यहां विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति के उद्घाटन सत्र में प्रतिभाग करेंगे। मुख्यमंत्री दोपहर 2:10 बजे पंतनगर के लिए रवाना होंगे। पंतनगर एयरपोर्ट से दोपहर 2:40 बजे कार द्वारा प्रस्थान कर 3:10 बजे फिर वे होटल विंटेज ग्रीन हल्द्वानी पहुंचेंगे, जहां प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में प्रतिभाग करेंगे।इसके बाद मुख्यमंत्री शाम 4:35 बजे होटल अमरदीप हल्द्वानी में प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक व प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में प्रतिभाग करेंगे।
शहर में दिखा भाजपा का रंग, भर गए गड्ढेहल्द्वानी। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आगमन से पहले हल्द्वानी को भाजपा के झंडों, पोस्टरों और होर्डिंग से सजाया गया है। विशेषकर रामपुर और नैनीताल रोड पर भगवा रंग छा गया है। वहीं, शहर की सड़कों के गड्ढ़ों को भरने और सफाई का कार्यक्रम दिनभर चलता रहा।



