
देहरादून: उत्तराखंड में अगले छह दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 24 और 25 सितंबर को राज्य के कई जिलों में बारिश होगी, जबकि 26 सितंबर से प्रदेश के सभी जिलों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार 24 सितंबर को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, चंपावत, नैनीताल, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। राज्य के शेष जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
शुक्रवार 25 सितंबर को बागेश्वर, चंपावत, नैनीताल, अल्मोड़ा, ऊधम सिंह नगर और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, शेष पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश के साथ बादलों की गर्जना होने की संभावना है।
26 से सभी जिलों में बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार 26 सितंबर को राज्य के सभी जिलों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। रविवार 27 सितंबर को भी प्रदेश में मौसम का मिजाज ऐसा ही रहने का अनुमान है।
सोमवार 28 सितंबर को नए सप्ताह की शुरुआत भी राज्य के सभी जिलों में अधिकांश स्थानों पर बारिश के साथ होने की संभावना है। मंगलवार 29 सितंबर को पर्वतीय जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ बादलों की गड़गड़ाहट हो सकती है, जबकि शेष जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश होने का अनुमान है।
सितंबर में मानसून की विदाई शुरू होने लगती है
उत्तराखंड में मानसून की शुरुआत आमतौर पर 20 से 25 जून के बीच होती है। हालांकि, कभी-कभी मानसून जुलाई के पहले सप्ताह तक पूरी तरह सक्रिय होता है। जुलाई और अगस्त में राज्य के ज्यादातर हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होती है। सितंबर के दूसरे या अंतिम सप्ताह तक मानसून उत्तराखंड से विदा होना शुरू हो जाता है।
Post Views: 1
Post navigation




