
देहरादून। उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और उनके पति गिरधारी लाल साहू के बीच चल रहे विवाद पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का बयान सामने आया है। मुख्यमंत्री ने मामले को बेहद संवेदनशील बताते हुए सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की बात कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल आरोप लगने या किसी ऑडियो में नाम आने से किसी को दोषी नहीं माना जा सकता। कानून की नजर में दोषी वही होगा, जिसके खिलाफ जांच में अपराध साबित होगा।
गुरुवार, 22 अक्टूबर को देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में सरकार और पार्टी संगठन के आगामी कार्यक्रमों को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों ने मुख्यमंत्री से रेखा आर्या और गिरधारी लाल साहू के बीच चल रहे विवाद पर सवाल किया। इस पर सीएम धामी ने कहा कि पूरा मामला जांच का विषय है और यह भी समझना जरूरी है कि आरोप किन परिस्थितियों में लगाए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने सवाल उठाया कि यदि दोनों 22 साल तक साथ रहे, तो इतने लंबे समय तक आरोप क्यों नहीं लगाए गए और अब इन आरोपों के सामने आने की वजह क्या है। उन्होंने कहा कि आरोपों की सच्चाई जांच के बाद ही सामने आएगी और आगे की कार्रवाई कानून के अनुसार होनी चाहिए।
ऑडियो के आधार पर दोष तय करना सही नहीं
मुख्यमंत्री ने वायरल ऑडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर किसी व्यक्ति को दोषी ठहराने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि किसी बातचीत में किसी व्यक्ति का नाम आ जाने मात्र से यह साबित नहीं होता कि वह भी मामले में शामिल है। किसी भी ऑडियो या बयान को अंतिम सच मानने के बजाय उसकी जांच जरूरी है।
उर्मिला सनावर और सुरेश राठौर के वायरल ऑडियो के साथ-साथ रेखा आर्या की ओर से सोशल मीडिया पर साझा किए गए अपने पति गिरधारी लाल साहू के कथित ऑडियो को लेकर भी सवाल पूछे गए। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी ऑडियो की जांच होनी चाहिए, क्योंकि ऐसे मामले बेहद संवेदनशील होते हैं और इनका असर लोगों के जीवन पर पड़ता है।
उन्होंने कहा कि जांच निष्पक्ष और तथ्यों पर आधारित होनी चाहिए, ताकि किसी निर्दोष के साथ अन्याय न हो और दोषी कानून की पकड़ से बच न सके। राजनीतिक नजरिये से किसी को अपराधी नहीं ठहराया जा सकता। जांच में सच्चाई सामने आनी चाहिए और किसी भी तरह का संदेह बाकी नहीं रहना चाहिए।
रेखा आर्या ने पति के खिलाफ दर्ज कराया है मुकदमा
दरअसल, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने हाल ही में अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ देहरादून के कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। रेखा आर्या ने अपने पति पर घरेलू हिंसा और मारपीट समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
मुकदमा दर्ज होने के बाद गिरधारी लाल साहू ने भी एक वीडियो जारी कर अपनी पत्नी रेखा आर्या पर करीब 200 करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों के बीच मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि मामले में किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले निष्पक्ष जांच और कानूनी प्रक्रिया का पालन जरूरी है।
Post Views: 1
Post navigation


