
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई दून पुलिस, दशहरा मेले से खरीदकर लाए थे खिलौना पिस्टल
देहरादून। राजपुर रोड पर चलती कार से तमंचा लहराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद दून पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को हिरासत में लिया। कोतवाली डालनवाला पुलिस ने वायरल वीडियो में दिखाई दे रही स्विफ्ट डिजायर कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर वाहन स्वामी की जानकारी जुटाई और कार सवार युवकों को थाने लाकर पूछताछ की। जांच में सामने आया कि वीडियो में लहराया जा रहा हथियार असली तमंचा नहीं, बल्कि खिलौना पिस्टल था, जिसे युवक दशहरा मेले से खरीदकर लाए थे।पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक व्यक्ति राजपुर रोड पर चलती कार से बाहर हाथ निकालकर तमंचे जैसी वस्तु लहराता दिखाई दे रहा था। सार्वजनिक मार्ग पर इस तरह हथियार प्रदर्शित किए जाने से आमजन में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा होने की आशंका थी। वीडियो का संज्ञान लेते हुए एसएसपी देहरादून ने संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। निर्देशों के क्रम में कोतवाली डालनवाला पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रही कार को ट्रेस किया और वाहन सवार युवकों को पूछताछ के लिए थाने लाया। जांच के दौरान वीडियो में दिखाई दे रही वस्तु खिलौना पिस्टल पाई गई। युवकों ने इसे दशहरा मेले से खरीदकर लाने की बात बताई। हालांकि, पुलिस का कहना है कि खिलौना पिस्टल होने के बावजूद सार्वजनिक मार्ग पर इस तरह उसे लहराने से आमजन में भ्रम और डर का माहौल बन सकता है। साथ ही सोशल मीडिया पर इस तरह की गतिविधियों से कानून-व्यवस्था को लेकर गलत संदेश जा सकता है। पुलिस द्वारा संबंधित युवकों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
हिरासत में लिए गए युवक
1.शशांक कुमार पुत्र राजेश कुमार, निवासी 218/3 डीएल रोड, डालनवाला, देहरादून।
2.अक्षय कुमार पुत्र राजेश कुमार, निवासी 218/3 डीएल रोड, डालनवाला, देहरादून।
3.अर्पित गुप्ता पुत्र ओम प्रकाश गुप्ता, निवासी 20 सीमेंट रोड, डालनवाला, देहरादून।
दून पुलिस की अपील
दून पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर रील बनाने, रौब दिखाने या प्रसिद्धि पाने के लिए इस तरह की गैर-जिम्मेदाराना हरकत न करें। सार्वजनिक स्थानों पर इस प्रकार की गतिविधियों से लोगों में भय और भ्रम फैल सकता है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि ऐसी गतिविधियों में शामिल पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Post Views: 1
Post navigation

