

हरिद्वार; सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और मानहानिकारक टिप्पणी करने, पांच करोड़ रुपये मांगने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में रानीपुर कोतवाली पुलिस ने अभिनेत्री उर्मिला सनावर को सहारनपुर से हिरासत में लिया है। पूर्व ज्वालापुर विधायक सुरेश राठौर की पुत्री की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस के अनुसार, मुकदमा दर्ज होने के करीब 12 घंटे के भीतर उर्मिला सनावर को पकड़ लिया गया। उसके पास से घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, टिहरी विस्थापित कॉलोनी निवासी महिला ने 24 अक्तूबर की रात रानीपुर कोतवाली में तहरीर दी थी। आरोप है कि सहारनपुर निवासी उर्मिला सनावर ने सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ अश्लील और मानहानिकारक टिप्पणियां कीं। इससे उनकी और उनके परिवार की छवि धूमिल हुई। तहरीर में आरोप लगाया गया कि आरोपी ने व्हाट्सएप कॉल कर रविदास धाम की संपत्ति अपने नाम करने और पांच करोड़ रुपये देने की मांग की। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी।
जांच शुरू, मोबाइल फोन बरामदतहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने रविवार 25 अक्तूबर को सहारनपुर के सदर बाजार थाना क्षेत्र के गोविंदनगर स्थित आरोपी के घर से उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन बरामद किया है।
अलग-अलग धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया हैपुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की अलग-अलग धाराओं और स्त्री अशिष्ट रूपण (प्रतिषेध) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ हरिद्वार, देहरादून और सहारनपुर में पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें आईटी एक्ट के तहत दर्ज मामले भी शामिल हैं। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी, उपनिरीक्षक संदीपा भंडारी, हेड कांस्टेबल गोपीचंद, कांस्टेबल कुलदीप और महिला कांस्टेबल मोनिका और मीनाक्षी शामिल रहीं।
चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में भी नामचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित ‘वीआईपी’ की भूमिका की जांच के सिलसिले में सुरेश राठौर और खुद को उनकी पत्नी बताने वाली उर्मिला सनावर शुक्रवार को यहां सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (सीबीआई) की कोर्ट में पेश हुए थे। दोनों ने नार्को-एनालिसिस टेस्ट कराने के लिए अपनी सहमति दे दी थी।
आपको बता दें कि ऋषिकेश के पास स्थित वनंत्रा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करने वाली 19 वर्षीय अंकिता की 18 सितंबर 2022 को रिजॉर्ट के मालिक पुलकित आर्य ने अपने दो कर्मचारियों सौरभ भास्कर और अंकित गुप्ता के साथ मिलकर हत्या कर दी थी। इस मामले में तीनों को उम्रकैद की सजा सुनाई गई है। हालांकि पिछले साल दिसंबर में सोशल मीडिया पर राठौर और सनावर के बीच कथित बातचीत का एक ऑडियो वायरल होने के बाद अंकिता हत्याकांड फिर चर्चा में आ गया था। इस ऑडियो में कथित ‘वीआईपी’ की भूमिका और उसके नाम का जिक्र होने का दावा किया गया था।
कांग्रेस समेत कई राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के दबाव तथा अंकिता के माता-पिता की मांग पर मुख्यमंत्री ने इस साल जनवरी में मामले की सीबीआई जांच की सिफारिश की थी।



