
देहरादून। नगर निगम में हंगामा करने और मेयर की कुर्सी पर बैठने वाले एक युवक को पुलिस ने हिरासत में लिया है। आरोप है कि युवक पिछले डेढ़ साल से समय-समय पर नगर निगम पहुंचकर मेयर की कुर्सी पर बैठ जाता था। इस दौरान वह कई बार निगम कर्मचारियों, होमगार्ड और पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई भी कर चुका है। मंगलवार को फिर से युवक मेयर कार्यालय में पहुंचकर कुर्सी पर बैठ गया। इसकी जानकारी मिलने पर निगम कर्मचारियों ने उसे पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट कर पुलिस के हवाले कर दिया।
नगर निगम के सुपरवाइजर दीपक बडोनी ने बताया कि युवक पिछले डेढ़ साल से इस तरह की हरकतें कर रहा था। कर्मचारियों ने पहले भी कई बार उसे पकड़कर पुलिस के हवाले किया, लेकिन इसके बावजूद उसकी हरकतें जारी रहीं। मंगलवार को भी युवक मेयर कार्यालय में घुसकर कुर्सी पर बैठ गया। कर्मचारियों ने उसे देखा तो बाहर लाकर उसकी पिटाई कर दी।
इसके बाद कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची नगर कोतवाली पुलिस ने युवक को कर्मचारियों से बचाया, लेकिन आरोप है कि इस दौरान युवक ने पुलिसकर्मियों पर भी हमला कर दिया। पुलिस उसे हिरासत में लेकर नगर कोतवाली ले गई।
मानसिक स्थिति की जांच कर रही पुलिस
एसपी सिटी शेखर सुयाल ने बताया कि युवक को हिरासत में लिया गया है। वह मानसिक रूप से परेशान रहता है, इसलिए उसकी स्थिति की जांच की जा रही है। युवक को धारा चौकी लाया गया है और उसके खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Post Views: 1
Post navigation

