देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत पर वर्ष 2003 में दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगाते हुए एक महिला ने पुलिस मुख्यालय में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता इंदिरा डेंजी (जैनी) ने आरोप लगाया है कि तत्कालीन राजनीतिक प्रभाव और सत्ता में पहुंच के चलते उस समय मामले में कोई कार्रवाई नहीं हो सकी थी।पुलिस मुख्यालय को भेजे गए प्रार्थना पत्र में महिला ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2003 में उसके साथ दुष्कर्म की घटना हुई थी, जिसके परिणामस्वरूप उसने एक बच्चे को जन्म दिया। अब उसका पुत्र 23 वर्ष का हो चुका है और अपनी पहचान को लेकर संघर्ष कर रहा है। महिला ने शिकायत में बेटे की जैविक पहचान स्थापित करने के लिए डीएनए परीक्षण कराने तथा वर्ष 2003 की कथित घटना के संबंध में कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने शिकायत की जांच के निर्देश जारी किए हैं। इसके लिए क्षेत्राधिकारी डोईवाला वंदना वर्मा को जांच अधिकारी नियुक्त करते हुए पूरे प्रकरण की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के निष्कर्ष और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
