Site icon My Uttarakhand News
Subscribe for notification

उपनलकर्मियों के धरने में आंदोलनरत महिला उपनलकर्मी की मौत – पर्वतजन

 
देहरादून में उपनल कर्मी नीलम डोभाल की अचानक मौत से चल रहे आंदोलन में गहरा शोक फैल गया। रविवार सुबह नीलम डोभाल धरनास्थल के लिए घर से निकल रही थीं, तभी उनकी अचानक मृत्यु हो गई। हालांकि उनकी मौत धरनास्थल पर नहीं हुई, लेकिन खबर मिलते ही आंदोलनरत उपनल कर्मचारियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
 

संयुक्त मोर्चा के प्रदेश संयोजक विनोद डोभाल ने बताया कि नीलम डोभाल जिला निर्वाचन कार्यालय देहरादून में कनिष्ठ सहायक के रूप में कार्यरत थीं और पिछले कई दिनों से मानसिक तनाव में थीं। नीलम और उनके पति दोनों उपनल कर्मी हैं और 10 नवंबर से हड़ताल में शामिल रहे हैं।
 
इधर, नियमितीकरण और समान कार्य के लिए समान वेतन की मांग को लेकर उपनल कर्मचारियों का धरना सातवें दिन भी जारी है। कर्मचारियों का कहना है कि विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक और कर्मचारी संगठनों से उन्हें लगातार समर्थन मिल रहा है, जिससे आंदोलन को मजबूती मिल रही है। उपनल कर्मी राज्य स्थापना दिवस के अगले दिन से ही देहरादून में धरने पर बैठे हैं।
 
इस बीच, उपनल कर्मचारियों से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार की रिव्यू पिटीशन खारिज कर दी है। इससे पहले नैनीताल हाईकोर्ट कर्मचारियों के नियमितीकरण हेतु नियमावली बनाने के आदेश दे चुका है। नियमावली न बनने पर उपनल कर्मचारी अवमानना याचिका भी दाखिल कर चुके हैं, जिससे सरकार पर जल्द निर्णय लेने का दबाव बढ़ गया है।

Exit mobile version