Site icon My Uttarakhand News
Subscribe for notification

चमोली में बड़ा हादसा , सुरंग में दो लोको ट्रेनें टकराईं, करीब 60 घायल – myuttarakhandnews.com

चमोली। चमोली जिले में देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। टीएचडीसी की निर्माणाधीन विष्णुगाड-पीपलकोटी जलविद्युत परियोजना की सुरंग के भीतर मजदूरों को ले जाने वाली दो लोको ट्रेनों की आपस में टक्कर हो गई। इस हादसे में करीब 60 अधिकारी, कर्मचारी और मजदूर घायल हो गए। घटना मंगलवार रात करीब साढ़े नौ बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार अलकनंदा नदी पर 444 मेगावाट की विष्णुगाड-पीपलकोटी जलविद्युत परियोजना का निर्माण कार्य चल रहा है। परियोजना की करीब 13 किलोमीटर लंबी सुरंग के अंदर टनल बोरिंग मशीन के जरिए खुदाई का काम किया जा रहा था। काम में तेजी लाने के लिए सुरंग के भीतर भारी मशीनें और मजदूरों की आवाजाही के लिए लोको ट्रेनें संचालित की जा रही थीं। इसी दौरान मजदूरों को लाने-ले जाने वाली दो लोको ट्रेनों के बीच टक्कर हो गई, जिससे अंदर काम कर रहे लोग घायल हो गए
हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों को सभी घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में करीब 60 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 42 घायलों का उपचार जिला अस्पताल गोपेश्वर में चल रहा है, जबकि 17 घायल मजदूरों को विवेकानंद अस्पताल पीपलकोटी में भर्ती कराया गया है। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। राहत की बात यह है कि सभी घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
प्रशासन और परियोजना प्रबंधन की ओर से हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही सुरंग के भीतर सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Post Views: 5

Post navigation

Exit mobile version