देहरादून। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर प्रदेश भाजपा ने कमर कस ली है। इसी क्रम में भाजपा की कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक 14 फरवरी को देहरादून में आयोजित की जाएगी, जिसकी अध्यक्षता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे। बैठक से पहले एक-दो दिन के भीतर कोर कमेटी की औपचारिक घोषणा की जाएगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि विधानसभा चुनाव की रणनीति तय करने में कोर कमेटी की भूमिका बेहद अहम होती है। बैठक में गठबंधन की संभावनाओं, प्रमुख चुनावी अभियानों, संगठनात्मक प्राथमिकताओं और सरकार व संगठन के बीच तालमेल को लेकर विस्तृत मंथन किया जाएगा।
सीट-वार रणनीति और उम्मीदवार चयन पर होगा मंथन
बैठक में विधानसभा चुनाव को लेकर सीट-वार रणनीति, संभावित उम्मीदवारों के चयन की रूपरेखा, प्रचार के मुख्य मुद्दे और कमजोर-मजबूत क्षेत्रों की पहचान पर चर्चा होगी। साथ ही जिला, मंडल और बूथ स्तर तक संगठन की स्थिति की समीक्षा की जाएगी।
इसके अलावा यह भी देखा जाएगा कि कहां संगठन मजबूत है और किन क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता है। मंत्रियों और संगठन पदाधिकारियों की भूमिकाओं को लेकर भी दिशा-निर्देश तय किए जाएंगे। बैठक में यह रणनीति भी बनेगी कि केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता तक प्रभावी ढंग से कैसे पहुंचाया जाए।
पहला सर्वे पूरा, अब दूसरे चरण की तैयारी
भाजपा का पहला राज्य स्तरीय सर्वे पूरा हो चुका है। इस सर्वे में मिले इनपुट के आधार पर पार्टी अपनी चुनावी रणनीति को और मजबूत करेगी। महेंद्र भट्ट ने बताया कि अब दूसरे चरण का सर्वे शुरू कराया जाएगा, जबकि केंद्रीय नेतृत्व द्वारा अलग से सर्वे कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी प्रयासों का एकमात्र उद्देश्य चुनाव में जीत हासिल करना है।
विधायक और मंत्री अपनी सीट से ही करें तैयारी
मीडिया से बातचीत में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने स्पष्ट कहा कि विधायक हों या मंत्री, सभी को अपनी वर्तमान विधानसभा सीट से ही चुनाव की तैयारी करनी होगी। संगठन ने इस पर अपना रुख साफ कर दिया है और चुनाव से पहले किसी को सीट बदलने का अवसर नहीं मिलेगा।
उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व चाहता है कि जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहें और जनता से सीधा संवाद बनाए रखें, ताकि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिल सके।
Post Views: 1
Post navigation
