सीएम धामी का बंगाल विधायक पर हमला , तुष्टिकरण की राजनीति बर्दाश्त नहीं – myuttarakhandnews.com

उत्तराखंड : पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले से टीएमसी विधायक हुमायूं कबीर द्वारा बाबरी मस्जिद को फिर से बनाने संबंधी दिए गए बयान पर देशभर में राजनीतिक हलचल मच गई है। इस विवादित बयान पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
सीएम धामी ने कहा कि यह बयान सिर्फ़ “अराजकता और वोट बैंक की राजनीति” को बढ़ावा देने वाला है। उन्होंने कहा कि जनता अब ऐसे बयानों से भ्रमित नहीं होने वाली है और देश के लोग विकास की राजनीति को महत्व दे रहे हैं।
सीएम ने कहा कि “जो लोग लंबे समय से तुष्टिकरण की राजनीति करते आए हैं, वे फिर उसी राह पर चलने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन जनता अब सब समझ चुकी है और इन्हें मुंह तोड़ जवाब दे रही है।” साथ ही बिहार चुनाव नतीजों का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि अब देश विकास की राह चुन रहा है।
उत्तराखंड में ऐसा वातावरण नहीं बनने दिया जाएगा
सीएम धामी ने स्पष्ट कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है और यहां ऐसा कोई उन्माद फैलाने की कोशिश नहीं कर पाएगा। उन्होंने कहा कि यहां सभी लोग शांति और भाईचारे के साथ रहते हैं और राज्य की सरकार किसी भी तरह के सामाजिक तनाव को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ सख्त है।
उन्होंने आगे कहा कि राज्य में “लैंड जिहाद”, “लव जिहाद” जैसे मामलों पर पहले ही कड़ी कार्रवाई की जा चुकी है और यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू कर स्पष्ट संदेश दिया गया है कि यहां किसी भी तरह का कट्टर एजेंडा नहीं चलने दिया जाएगा।
मदरसा शिक्षा पर भी दी सफाई
मदरसे बंद करने से जुड़े सवाल पर सीएम धामी ने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल बेहतर शिक्षा सुनिश्चित करना है। जो मदरसे शिक्षा बोर्ड के नियमों का पालन नहीं करते हैं, सिर्फ़ उन्हीं पर कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि स्कूलों में गीता का पाठ इसलिए कराया जा रहा है ताकि बच्चों को अच्छे संस्कार और कर्मयोग की सीख मिले।

Post Views: 5

Post navigation

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK No thanks