Site icon My Uttarakhand News
Subscribe for notification

कोहरा और धुंध से दून में बढ़ी ठंड, पारा लुढ़का; रोडवेज और रेल सेवाएं भी प्रभावित – myuttarakhandnews.com

देहरादून। रात में घने कोहरे और दिन में धुंध के असर से देहरादून में ठंड और बढ़ गई है। बीते 24 घंटे में दून के न्यूनतम तापमान में 2.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को ठिठुरन का अहसास हुआ। शुक्रवार सुबह मौसम साफ रहा, लेकिन सात बजे के बाद हल्के बादल छा गए। दोपहर बाद सर्द हवाएं चलने लगीं, जिससे ठंड का असर और तेज हो गया। देहरादून के साथ-साथ प्रदेश के अन्य जिलों में भी ठंड लोगों को परेशान कर रही है।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 22.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले 18 दिसंबर को अधिकतम तापमान 24.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस था। इस तरह 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 2.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 2.2 डिग्री की गिरावट आई है। मसूरी में भी ठंड बढ़ गई है, जहां अधिकतम तापमान 13 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
घने कोहरे का असर परिवहन सेवाओं पर भी साफ नजर आ रहा है। उत्तराखंड रोडवेज की बसों में यात्रियों की संख्या में करीब 25 फीसदी तक की कमी आई है। ठंड और कोहरे के चलते लोग यात्रा टाल रहे हैं, जिससे रात की कई बस सेवाएं रोकनी पड़ रही हैं। रोडवेज की रोजाना आय में भी लगभग 50 लाख रुपये तक की गिरावट आई है।
सबसे ज्यादा असर रात और तड़के चलने वाली बस सेवाओं पर पड़ा है। दिल्ली, गुरुग्राम और चंडीगढ़ जाने वाली बसों में यात्रियों की संख्या काफी कम हो गई है। देहरादून आईएसबीटी से यात्रियों के अभाव में कुछ बस सेवाएं अस्थायी रूप से बंद करनी पड़ी हैं।
मौसम विभाग ने आज भी पहाड़ी जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। 20 और 21 दिसंबर को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। 3500 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। वहीं 21 और 22 दिसंबर को हरिद्वार और ऊधमसिंहनगर में मध्यम कोहरा छाए रहने के आसार हैं। 23 से 25 दिसंबर तक प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है।
कोहरे का असर रेल सेवाओं पर भी पड़ा है। शुक्रवार को हावड़ा से देहरादून आने वाली उपासना एक्सप्रेस करीब दो घंटे की देरी से पहुंची। इसी तरह देहरादून से यह ट्रेन भी दो घंटे देर से रात साढ़े बारह बजे रवाना हुई, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी।

Post Views: 9

Post navigation

Exit mobile version