Site icon My Uttarakhand News
Subscribe for notification

मौसम में उतार-चढ़ाव जारी,सक्रिय हो सकता है पश्चिमी विक्षोभ; यूपीसीएल अलर्ट – myuttarakhandnews.com

देहरादून | प्रदेश में मौसम का मिजाज अभी पूरी तरह स्थिर नहीं हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सीएस तोमर ने बताया कि 24 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कमजोर पड़ जाएगा। हालांकि इस दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना बनी रहेगी, जबकि मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।
उन्होंने बताया कि 25 और 26 जनवरी को एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना जताई जा रही है। इसके चलते प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
बिजली आपूर्ति को लेकर यूपीसीएल अलर्ट
मौसम को देखते हुए उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) ने प्रदेशभर में 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश जारी किए हैं। यूपीसीएल प्रबंधन ने सभी अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा है।
यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक अनिल कुमार ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक कर सभी मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने कार्यस्थल पर तैनात रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कहीं भी विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में रिस्पॉन्स टाइम न्यूनतम रखा जाए और लक्ष्य जीरो रिस्पॉन्स टाइम होना चाहिए।
कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन जारी
यूपीसीएल की ओर से मुख्यालय स्थित कंट्रोल रूम का हेल्पलाइन नंबर 7579179109 जारी किया गया है। किसी भी आपात स्थिति में विद्युत उपभोक्ता इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।
एमडी अनिल कुमार ने बताया कि प्रदेशभर में विद्युत वितरण नेटवर्क की लगातार निगरानी की जा रही है। सभी 33/11 केवी उपकेंद्रों, फीडरों और वितरण ट्रांसफार्मरों का विशेष निरीक्षण कर निवारक रखरखाव कार्य प्राथमिकता पर पूरा कराया जा रहा है।
जरूरी सामग्री रखने के निर्देश
सभी क्षेत्रीय और मंडलीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि ट्रांसफार्मर, ट्रॉली, केबल, कंडक्टर, इंसुलेटर और अन्य आवश्यक विद्युत सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखी जाए, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित मरम्मत कर बिजली आपूर्ति बहाल की जा सके।
प्रशासन और विभागों की तैयारी को देखते हुए सरकार का दावा है कि मौसम खराब होने के बावजूद आम जनता को बिजली आपूर्ति में किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

Post Views: 1

Post navigation

Exit mobile version