My Uttarakhand News
Subscribe for notification

देहरादून में पहली बार महिला जिला क्रिकेट लीग इस दिन से शुरू – पर्वतजन

देहरादून, 4 नवंबर 2025: क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (CAU) पहली बार जिला स्तर पर महिला क्रिकेट लीग का आयोजन करने जा रहा है। यह लीग 25 नवंबर से देहरादून के विभिन्न क्रिकेट ग्राउंड्स में खेली जाएगी। वहीं पुरुष जिला क्रिकेट लीग 1 दिसंबर से शुरू होगी।
हरिद्वार रोड स्थित एक होटल में आयोजित प्रेस ब्रीफिंग में CAU के संयोजक पीसी वर्मा ने इस बारे में औपचारिक घोषणा की। उन्होंने बताया कि महिला क्रिकेटरों के लिए पंजीकरण फॉर्म 8 नवंबर से 20 नवंबर 2025 तक हाथी खाना, रायपुर स्थित एसोसिएशन कार्यालय में निशुल्क उपलब्ध रहेंगे। चयनित फॉर्म वाली खिलाड़ियों का ट्रायल 23 एवं 24 नवंबर को होगा, जिसके बाद 15-15 खिलाड़ियों की टीमों का गठन किया जाएगा।
पुरुष लीग के लिए क्लब, अकादमी, स्कूल व कॉलेज भी इसी अवधि (8-20 नवंबर) में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित कार्यालय से पंजीकरण फॉर्म ले सकेंगे। पुरुष टीमों में अधिकतम 20 प्लेयर शामिल करने की अनुमति रहेगी। पुरुष लीग के मैच 1 दिसंबर 2025 से विभिन्न मैदानों पर आयोजित किए जाएंगे।

पीसी वर्मा ने स्पष्ट किया कि 20 नवंबर के बाद किसी भी प्रकार का पंजीकरण मान्य नहीं होगा।
इस अवसर पर CAU के सीईओ मोहित डोभाल, उपाध्यक्ष अजय पांडे, राजीव दत्ता, कुमार थापा और चीफ ऑपरेशन ऑफिसर महेश शंकर भी मौजूद रहे। यह पहल स्थानीय स्तर पर प्रतिभा को बढ़ावा देने के साथ ही महिला क्रिकेटरों को बड़ा प्लेटफॉर्म देने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।

Exit mobile version