देहरादून, कारगिल की दुर्गम चोटियों पर अदम्य साहस, अद्वितीय पराक्रम और सर्वोच्च बलिदान की अमर गाथा लिखने वाले भारत माता के वीर सपूतों की स्मृति में इस वर्ष 26 जुलाई को उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में ‘कारगिल विजय दिवस’ को ‘शौर्य दिवस’ के रूप में पूरे गौरव और राष्ट्रीय सम्मान के साथ मनाया जाएगा। ऐतिहासिक गांधी पार्क में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहकर कारगिल युद्ध के अमर शहीदों के परिजनों, वीरांगनाओं, वीर माताओं एवं पूर्व सैनिकों को सम्मानित करेंगे। यह आयोजन राष्ट्र के प्रति समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और बलिदान की अमिट परंपरा को नमन करने का अवसर बनेगा।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मंगलवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी (एफआर) के.के. मिश्रा की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में संबंधित विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में सभी विभागों को समयबद्ध ढंग से व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए गए, ताकि आयोजन पूरी गरिमा, अनुशासन और भव्यता के साथ संपन्न हो सके।
देशभक्ति के रंग में रंगेगा देहरादून
शौर्य दिवस की पूर्व संध्या पर 25 जुलाई को शाम पांच बजे से शहर के प्रमुख चौराहों पर देशभक्ति के गीतों का प्रसारण किया जाएगा। मुख्य समारोह में उत्तराखंड की लोक संस्कृति तथा राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र होंगी। पूरा शहर देशप्रेम और वीर सैनिकों के सम्मान के भाव से सराबोर नजर आएगा।
नई पीढ़ी को बताया जाएगा बलिदान का इतिहास
देशभक्ति की भावना को विद्यार्थियों में जागृत करने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग स्कूलों में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन करेगा। जूनियर वर्ग के विद्यार्थियों के लिए चित्रकला तथा सीनियर वर्ग के लिए निबंध प्रतियोगिता आयोजित होगी। विजेता छात्र-छात्राओं को मुख्य समारोह में सम्मानित कर राष्ट्रसेवा के मूल्यों के प्रति प्रेरित किया जाएगा।
व्यवस्थाओं को लेकर विभागों को सौंपे गए दायित्व
सैनिक कल्याण एवं परिवहन विभाग को शहीदों के आश्रितों, वीरांगनाओं तथा पूर्व सैनिकों के आवागमन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम गांधी पार्क एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाएगा तथा मोबाइल शौचालय सहित अन्य नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। सैनिक कल्याण विभाग आयोजन स्थल पर वॉटरप्रूफ टेंट, मंच, वीआईपी बैठक व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पेयजल एवं आकर्षक सजावट सुनिश्चित करेगा। वहीं पुलिस एवं यातायात विभाग को सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन और पार्किंग व्यवस्था का विस्तृत प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की रहेगी सहभागिता
शौर्य दिवस समारोह में सांसदों, विधायकों, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर निगम के महापौर, पूर्व सैनिकों, सामाजिक संगठनों तथा विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित किया जाएगा, ताकि पूरा समाज राष्ट्ररक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीरों के प्रति सामूहिक श्रद्धांजलि अर्पित कर सके।
बैठक में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल (से.नि.) ओम प्रकाश फस्वार्ण, सहायक जिला सैनिक कल्याण अधिकारी एस.के. साहिनी, जल संस्थान के अधिशासी अभियंता आशीष भट्ट, एआरटीओ रत्नाकर सिंह, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता मुकेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
राजीव गांधी नवोदय विद्यालयों का होगा संपूर्ण कायाकल्प,उत्कृष्टता केंद्र के रूप में किए जाएँगे विकसित…
PIONEER EDGE NEWS SERVICE /Dehradun Chief minister Pushkar Singh Dhami on Wednesday announced recruitment in…
नवाचारी पहल के रूप में विकसित होगा प्रकृति और रोमांच का संगम, जिलाधिकारी ने निरीक्षण…
PIONEER EDGE NEWS SERVICE/ Haridwar Despite crores of rupees being poured into the Namami Gange…
देहरादून। अवैध शराब की बिक्री और भंडारण पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग ने…
पंतनगर -हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड की स्वास्थ्य सेवा परियोजना एवं सामुदायिक विकास कार्यक्रम के तहत ममता…