देहरादून: नीट-यूजी की स्ट्रे वेकेंसी काउंसलिंग में एमबीबीएस या बीडीएस की सीट आवंटित होने के बाद प्रवेश नहीं लेना अभ्यर्थियों को भारी पड़ सकता है। ऐसे अभ्यर्थियों को एक साल के लिए नीट-यूजी की प्रवेश प्रक्रिया से प्रतिबंधित किया जा सकता है। साथ ही उनकी धरोहर राशि भी जब्त कर ली जाएगी। एचएनबी उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय ने काउंसलिंग के अंतिम चरण के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
प्रदेश में एमबीबीएस और बीडीएस की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए स्ट्रे वेकेंसी राउंड चल रहा है। इसके तहत अभ्यर्थियों को बुधवार शाम पांच बजे तक ऑनलाइन पंजीकरण, शुल्क भुगतान और कॉलेज के विकल्प भरने का मौका दिया गया है। सीट आवंटन 22 अक्टूबर को होगा, जबकि दाखिले की अंतिम तिथि 26 अक्टूबर निर्धारित की गई है।
आज शाम पांच बजे तक आवेदन का मौका
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. विजय जुयाल के अनुसार, पहले, दूसरे और तीसरे चरण में पंजीकरण कराने के बावजूद सीट नहीं पाने वाले अभ्यर्थी स्ट्रे वेकेंसी राउंड में आवेदन कर सकते हैं। पहले के चरणों में पंजीकरण नहीं कराने वाले पात्र अभ्यर्थियों को भी इस चरण में मौका दिया गया है।
हालांकि, केंद्र या राज्य की काउंसलिंग में आवंटित सीट पर प्रवेश ले चुके अभ्यर्थी इसके लिए पात्र नहीं होंगे। तीसरे चरण में सीट आवंटित होने के बावजूद निर्धारित समय में प्रवेश नहीं लेने वाले अभ्यर्थी भी स्ट्रे वेकेंसी राउंड में शामिल नहीं हो सकेंगे।
नए सिरे से भरने होंगे कॉलेज के विकल्प
स्ट्रे वेकेंसी राउंड में सभी पात्र अभ्यर्थियों को नए सिरे से आवेदन कर कॉलेजों के विकल्प भरने होंगे। पहले के चरणों में भरे गए विकल्प स्वतः निरस्त माने जाएंगे। इसके लिए पंजीकरण शुल्क 4,500 रुपये निर्धारित किया गया है।
पहले पंजीकरण शुल्क और धरोहर राशि जमा कर चुके अभ्यर्थियों को, यदि उनकी धरोहर राशि जब्त नहीं हुई है, तो इसे दोबारा जमा नहीं करना होगा।
आरक्षण का लाभ लेने वाले अभ्यर्थी रखें ध्यान
विश्वविद्यालय ने आरक्षण का लाभ लेने वाले अभ्यर्थियों को निवास, श्रेणी और उपश्रेणी से संबंधित प्रमाण पत्रों को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी है। ये प्रमाण पत्र आवेदन की अंतिम तिथि से पहले जारी होने चाहिए।
आवंटित कॉलेज में प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को मूल दस्तावेजों के साथ व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना अनिवार्य होगा। विश्वविद्यालय ने कॉलेज का विकल्प भरने से पहले उसकी फीस, बांड की शर्तों और सीट की मान्यता से संबंधित जानकारी प्राप्त करने की भी सलाह दी है।
Post Views: 3
Post navigation
देहरादून। जिलाधिकारी देहरादून के निर्देशों के क्रम में बुधवार दिनांक 21 अक्टूबर, 2026 को गांधी…
एडीएम ने तैयारियों की समीक्षा कर सुरक्षा, अग्निशमन और स्वास्थ्य व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने…
देहरादून। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आज नया गांव और जोहड़ी क्षेत्र में दशहरा (विजयादशमी)…
देहरादून: उत्तराखंड में प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों और भाजपा सरकार की नीतियों के विरोध में…
उत्तराखंड के मदरसों में अब शुक्रवार को नहीं होगी छुट्टी, शिक्षा विभाग ने बदले नियम…
एसपी देहात जया बलोनी के नेतृत्व में गठित 10 सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी)…