
रुद्रपुर। किच्छा हाईवे पर कंटेनर कार को 50 मीटर तक घसीट ले गया। कार सवार पति-पत्नी बाल-बाल बच गए। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इससे हाइवे पर लंबा जाम लग गया। बताया जा रहा है कि कंटेनर चालक नशे में धुत था। पुलिस ने कार और कंटेनर को सड़क किनारे पार्क कराकर यातायात सुचारू कराया।
जिले में तेज रफ्तार और ओवरलोड वाहनों से होने वाले सड़क हादसों से लोगों की जान जा रही है। इसे गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एसएसपी अजय गणपति को जिले भर में ओवरलोड और ओवरस्पीड वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसके तहत पुलिस जिले भर में अभियान चलाकर ओवरस्पीड व ओवरलोड वाहनों के साथ नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
इसके बावजूद कई लोग नियमों को ठेंगा दिखाने से बाज नहीं आ रहे। गुरुवार को रुद्रपुर जैन कालोनी निवासी व्यक्ति अपनी पत्नी के साथ कार से पीलीभीत जा रहे थे। जैसे ही किच्छा रोड पर कट से निकल रहे थे, तेज रफ्तार कंटेनर ने कार को साइड मारी।
साथ ही कंटेनर कार को 50 मीटर तक घसीट ले गया। जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार पति-पत्नी बाल-बाल बचे। आस-पास मौजूद लोगों ने कंटेनर चालक को बाहर निकालकर उसकी पिटाई भी की। वहीं, किच्छा हाइवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों वाहनों को साइड कर जाम खुलवाया।
