श्रद्धा, आस्था और दिव्यता की त्रिवेणी में नहाया केदारनाथ धाम, विधि-विधान के साथ खुले कपाट – my uttarakhand news

 
मुख्यमंत्री  धामी रहे साक्षी, “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंजा धाम
केदारनाथ/रुद्रप्रयाग,  श्रद्धा, आस्था और दिव्यता की अद्भुत त्रिवेणी के बीच ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग केदारनाथ धाम के कपाट आज विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। प्रातः 8 बजे शुभ मुहूर्त में कपाट खुलते ही पूरा धाम “हर-हर महादेव” और “जय श्री केदार” के उद्घोष से गूंज उठा। पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से संपन्न हुई।
इस पावन अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी उपस्थित रहे। उन्होंने बाबा केदारनाथ के दर्शन कर प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। सिख रेजीमेंट के बैंड की भक्तिमय धुनों के बीच कपाट उद्घाटन का यह दिव्य क्षण और भी अलौकिक बन गया।
मुख्यमंत्री ने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि केदारनाथ धाम न केवल सनातन धर्मावलंबियों की आस्था का प्रमुख केंद्र है, बल्कि भारत की समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक भी है। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा हर वर्ष नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है और इस वर्ष भी बाबा केदार के आशीर्वाद से यात्रा ऐतिहासिक होगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुगम बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने उत्तराखंडवासियों से देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के प्रति सेवा और आतिथ्य भाव बनाए रखने का आह्वान किया।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बाबा केदारनाथ का अनन्य भक्त बताते हुए कहा कि वर्ष 2013 की आपदा के बाद उनके मार्गदर्शन में धाम का भव्य और दिव्य पुनर्निर्माण हुआ, जो आज विश्वभर के श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है।
फूलों से सजा बाबा केदार का धाम
भगवान केदारनाथ की पंचमुखी उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, उखीमठ से गुप्तकाशी, फाटा और गौरीकुंड होते हुए मंगलवार शाम धाम पहुंच चुकी थी। कपाट खुलने की प्रक्रिया प्रातः 5 बजे से प्रारंभ हुई।
प्रातः 8 बजे रावल भीमाशंकर लिंग, पुजारी टी. गंगाधर, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विधायक आशा नौटियाल, तीर्थ पुरोहित उमेश चंद्र पोस्ती सहित धर्माचार्यों एवं वेदपाठियों ने मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश कर विधिवत पूजा-अर्चना की। देव आवाहन एवं लोककल्याण के संकल्प के साथ कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए।
इस अवसर पर मंदिर को 51 क्विंटल से अधिक फूलों से भव्य रूप से सजाया गया। कपाट खुलते ही हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई, जिससे श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
कपाट उद्घाटन समारोह में  गीता धामी, बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, विधायक आशा नौटियाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, ब्लॉक प्रमुख पंकज शुक्ला, जिला पंचायत सदस्य अमित मैखंडी, पूर्व जिलाध्यक्ष महावीर पंवार, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर सहित बड़ी संख्या में तीर्थ पुरोहित, हक-हकूकधारी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

pooja Singh

Share
Published by
pooja Singh

Recent Posts

ईवीएम, वीवीपैट एवं कंट्रोल यूनिट की प्रथम स्तरीय जांच प्रक्रिया जारी

वर्तमान तक 546 बैलेट यूनिट, 635 कंट्रोल यूनिट और 559 वीवीपैट की एफएलसी संपन्न पौड़ी-…

7 hours ago

हिंदुस्तान जिंक की सखी माइक्रोएंटरप्राइज से महिलाओं की आय में 43 प्रतिशत की वृद्धि –

 पंतनगर, । कुछ वर्षो पहले तक मंजू देवी का जीवन अनिश्चितताओं से भरा था। वर्ष…

10 hours ago

भाजपा प्रदेश सह-प्रभारी बांसुरी स्वराज का कोटद्वार एवं सतपुली में कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत

संगठन की मजबूती, बूथ प्रबंधन एवं विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों को लेकर हुई महत्वपूर्ण बैठक…

11 hours ago

उमेश कुमार के इस्तीफे के ऐलान से प्रदेश की सियासत गरमाई –

देहरादून/हरिद्वार। उत्तराखंड की राजनीति में खानपुर विधायक उमेश कुमार के एक ऐलान ने नई हलचल…

11 hours ago

यूपीईएस के 24वें दीक्षांत समारोह का समापन, 5,129 विद्यार्थियों को मिली डिग्री –

 126 मेधावी विद्यार्थियों को शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए किया गया सम्मानित, 15 गोल्ड और 82…

11 hours ago