Site icon My Uttarakhand News
Subscribe for notification

लालकुआं: अवैध खनन और ध्वनि प्रदूषण की शिकायत पर कृष्णा स्टोन क्रेशर सीज – पर्वतजन

लालकुआं के निकटवर्ती क्षेत्र हल्दूचौड़ के नारायणपुर गांव में स्थित कृष्णा स्टोन क्रेशर पर ग्रामीणों की शिकायत के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया था कि क्रेशर संचालक विशालकाय गड्ढा खोदकर अवैध रूप से नदी बजरी सामग्री (आरबीएम) का खनन कर रहे हैं, साथ ही आबादी क्षेत्र में मानकों की अनदेखी करते हुए अत्यधिक ध्वनि प्रदूषण फैला रहे हैं।
 
शिकायत मिलने पर राजस्व विभाग और खनन विभाग की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण किया। टीम ने क्रेशर परिसर में छापेमारी कर खोदे गए गड्ढे की पैमाइश की और गड्ढा खोदने से जुड़ी अनुमतियां तथा संबंधित अभिलेख मांगे। क्रेशर संचालक आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने में पूरी तरह असमर्थ रहे। पूर्व में भी इसी गड्ढे से संबंधित जुर्माना लगाया जा चुका था, लेकिन वर्तमान खुदाई के लिए कोई वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए।

 
इसके बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कृष्णा स्टोन क्रेशर को तीन दिनों के भीतर आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने तक पूरी तरह सीज कर दिया और इसके संचालन पर पूर्ण रोक लगा दी। साथ ही, आबादी क्षेत्र में मानकों की अनदेखी कर ध्वनि प्रदूषण फैलाने के मामले की अलग से जांच शुरू कर दी गई है।
 
जिला खनन अधिकारी ताजवर सिंह नेगी ने बताया कि यदि गड्ढे से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए तो नियमानुसार भारी जुर्माना लगाने के साथ-साथ अन्य कठोर कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उप राजस्व निरीक्षक वीरेंद्र चंद्र, राजस्व निरीक्षक आरिफ हुसैन सहित दोनों विभागों के कई अधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version