देहरादून: राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत के मामले का पुलिस ने 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्या के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मृतका के परिवार के यहां लंबे समय से काम करता था और बकाया 18 हजार रुपये की मजदूरी को लेकर उसका विवाद हुआ था।
पुलिस के अनुसार, तीन सितंबर को दिनेश बंसल ने 112 कंट्रोल रूम को सूचना दी कि उनकी 72 वर्षीय पत्नी रेखा बंसल घर में अचेत अवस्था में पड़ी हैं। महिला के चेहरे पर चोट के निशान भी थे। सूचना मिलते ही रायपुर पुलिस मौके पर पहुंची। 108 एंबुलेंस की टीम ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोबाल खुद मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। मौके की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई। मामले में थाना रायपुर में हत्या की धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
एसएसपी के निर्देश पर पुलिस की अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। टीमों ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाई गई। जांच के दौरान पुलिस को विनीत कुमार की भूमिका संदिग्ध लगी, जिसके बाद उसे रिंग रोड स्थित त्रिलोक गेस्ट हाउस के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मूल रूप से उत्तरकाशी का रहने वाला है और करीब 10 वर्षों से देहरादून के अजबपुर में रह रहा है। वह त्रिलोक गेस्ट हाउस में रात के सुरक्षा गार्ड के तौर पर काम करता था। इसके अलावा दिनेश बंसल की डिस्पेंसरी रोड स्थित ‘अनुज प्रकाशन’ बुक शॉप में हेल्पर का काम भी करता था। पुलिस के अनुसार, वह इस परिवार को करीब 15 वर्षों से जानता था।
पुलिस का कहना है कि आरोपी की करीब 18 हजार रुपये की मजदूरी बकाया थी। कई बार पैसे मांगने के बावजूद भुगतान नहीं होने के कारण वह नाराज था। घटना वाले दिन वह दिनेश बंसल की स्कूटी से उनके घर पहुंचा। आरोपी को घर के पीछे का दरवाजा खुले रहने की जानकारी थी और उस समय रेखा बंसल घर में अकेली थीं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने रेखा बंसल से बकाया मजदूरी के पैसे मांगे। पैसे नहीं मिलने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्से में आरोपी ने हाथ में पहने कड़े से रेखा बंसल के चेहरे पर वार किया। चोट लगने के बाद महिला बिस्तर पर गिर गईं और चिल्लाने लगीं। पुलिस के मुताबिक, पकड़े जाने के डर से आरोपी ने उनका मुंह दबा दिया। कुछ देर बाद जब उसे लगा कि महिला की मौत हो गई है तो वह उनके हाथ से सोने का कंगन निकालकर वहां से फरार हो गया।
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर मृतका से लूटा गया सोने का कंगन और घटना के दौरान आरोपी द्वारा पहना गया कड़ा बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को धारा 103(1), 309(4) और 117(2) बीएनएस के तहत गिरफ्तार किया है
Post Views: 1
Post navigation
my uttarakhand news Bureau Dehradun, 28 Sep: Forty trekkers and…
my uttarakhand news Bureau Dehradun, 28 Sep: Rural Litigation and Entitlement Kendra (RLEK), in collaboration…
my uttarakhand news Bureau Dehradun, 28 Sep: The OASIS, Dehradun, organised a series of activities…
G.K. Quiz Competition - 1 my uttarakhand news Bureau Dehradun, 28 Sep: St Joseph’s Academy…
my uttarakhand news Bureau Mussoorie, 28 Sep: Art and speech…
my uttarakhand news Bureau Dehradun, 28 Sep: To preserve Uttarakhand’s…