देहरादून में जमीन सौदे के नाम पर दबाव और धमकी का आरोप, हिस्ट्रीशीटर समेत चार पर केस दर्ज – पर्वतजन

देहरादून के थाना राजपुर क्षेत्र में जमीन से जुड़े एक विवाद ने गंभीर आपराधिक रूप ले लिया है। एक व्यक्ति ने आरोप लगाया है कि उससे बिना भुगतान के जमीन अपने नाम करवाने का दबाव बनाया गया और इंकार करने पर उसके परिवार को जान से मारने की धमकियां दी गईं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने एक हिस्ट्रीशीटर सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
 
मसूरी के मेरीवल एस्टेट निवासी अमरदेव खंडूड़ी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि झड़ीपानी क्षेत्र में शहंशाही रिसोर्ट के पीछे स्थित उनकी पैतृक भूमि को खरीदने के लिए वर्ष 2022 में संपूर्णानंद त्यागी ने उनसे संपर्क किया था। इसके बाद उनकी मुलाकात बलराम यादव और जगत राम डोगरा से कराई गई। बातचीत के बाद कुछ रकम का भुगतान कर इकरारनामा किया गया।

 
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने भरोसे में लेकर जमीन के कुछ हिस्सों की रजिस्ट्री अपने नाम करवा ली और भुगतान के एवज में चेक दिए। जब पीड़ित ने इन चेकों को बैंक में लगाया, तो वे बार-बार बाउंस हो गए। इस संबंध में संपर्क करने पर आरोपियों द्वारा लगातार टालमटोल की जाती रही।
 
पीड़ित का आरोप है कि नवंबर 2025 में संपूर्णानंद त्यागी, बलराम यादव और जगत राम डोगरा ने उसे ढाकपट्टी, राजपुर मार्ग स्थित अपने आवास पर बुलाया, जहां दबाव बनाकर सभी चेक वापस ले लिए गए और भुगतान से साफ इनकार कर दिया गया। साथ ही, पूरी जमीन उनके नाम करने का दबाव बनाया गया और मना करने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई।
 
इसके बाद पीड़ित के अनुसार, उसके मोबाइल पर व्हाट्सएप के जरिए धमकी भरे कॉल आने लगे। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को जितेंद्र रावत उर्फ जित्ती बताया और कहा कि यदि जमीन उनके साथियों के नाम नहीं की गई तो बच्चों और परिवार को गंभीर नुकसान पहुंचाया जाएगा। कॉलर ने यह भी कहा कि उसके साथी संपर्क करेंगे और बिना किसी भुगतान के झड़ीपानी स्थित पूरी जमीन उनके नाम कर दी जाए।
 
जांच में सामने आया है कि जितेंद्र रावत उर्फ जित्ती एक हिस्ट्रीशीटर है, जिसका नाम पहले भी आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है। अप्रैल 2025 में उस पर 15 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप लगा था, जिस पर नेहरू कॉलोनी थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके अलावा वर्ष 2024 में रायपुर थाने में भी उसके खिलाफ मामला दर्ज है। वर्तमान में वह जमानत पर बाहर है।
 
थाना राजपुर प्रभारी प्रदीप रावत ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर जितेंद्र रावत उर्फ जित्ती, संपूर्णानंद त्यागी, बलराम यादव और जगत राम डोगरा के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
 

Sapna Rani

Recent Posts

उत्तराखंड स्टेट ओपन कराटे चैंपियनशिप में बच्चों का शानदार प्रदर्शन

टिहरी गढ़वाल में पहली जिला योग चैंपियनशिप के जरिए योग प्रतिभाओं को मिला मंच प्रशिक्षक…

27 minutes ago

अपर निदेशक ने किया श्रीनगर पशु चिकित्सालय का आकस्मिक निरीक्षण, टीकाकरण एवं विभागीय लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश

पौड़ी- पशुपालन विभाग के अपर निदेशक, गढ़वाल मंडल डॉ. बी.एस. जंगपांगी ने गुरुवार को श्रीनगर…

47 minutes ago

यूपीईएस के छह दिवसीय दीक्षांत समारोह का शुभारंभ, 4,795 विद्यार्थी होंगे उपाधि से सम्मानित –

 देहरादून, ।  यूपीईएस विश्वविद्यालय के 24वें दीक्षांत समारोह का गुरुवार को शुभारंभ हुआ। छह दिन…

2 hours ago

दिव्यांगजनों को मतदान प्रक्रिया से जोड़ने के लिए स्वीप टीम ने चलाया जागरूकता अभियान

दिव्यांगता प्रमाणपत्र, मतदाता साक्षरता और सुगम मतदान की दी जानकारी; समावेशी निर्वाचन पर जोर देहरादून-…

2 hours ago

डीएस ग्रुप के कैच ने पेश की भारत की पहली जिंजर गार्लिक पेस्ट स्क्वीज़ी बोतल –

  देहरादून,। अग्रणी एफएमसीजी समूह और बहु-व्यावसायिक कॉर्पोरेशन धर्मपाल सत्यपाल ग्रुप (डीएस ग्रुप) के लोकप्रिय ब्रांड्स…

2 hours ago