
कोटद्वार । कोटद्वार में दुकान के नाम में ‘बाबा’ शब्द को लेकर चल रहे विवाद में रविवार को कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की एंट्री हो गई, जिससे मामला और गरमा गया। राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट कर दीपक का खुलकर समर्थन किया और उन्हें भारत का हीरो बताया।
राहुल गांधी ने लिखा कि दीपक संविधान और इंसानियत के लिए लड़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और संघ परिवार संविधान को रोज़ रौंदने की साजिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दीपक नफ़रत के बाज़ार में मोहब्बत की दुकान का जीवित प्रतीक हैं और यही बात सत्ता पक्ष को सबसे ज़्यादा परेशान करती है।
राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में यह भी लिखा कि संघ परिवार देश में आर्थिक और सामाजिक ज़हर घोल रहा है ताकि भारत बंटा रहे और कुछ लोग डर के सहारे राज कर सकें। उन्होंने उत्तराखंड की भाजपा सरकार पर असामाजिक तत्वों को समर्थन देने का आरोप भी लगाया।
राहुल गांधी ने कहा कि नफ़रत, डर और अराजकता के माहौल में कोई भी देश प्रगति नहीं कर सकता। शांति के बिना विकास केवल एक जुमला है। उन्होंने लिखा कि हमें और दीपकों की ज़रूरत है, जो न डरें, न झुकें और पूरी ताक़त से संविधान के साथ खड़े रहें। अंत में उन्होंने कहा, “हम तुम्हारे साथ हैं भाई। डरो मत। तुम बब्बर शेर हो।”
शनिवार को जुलूस और प्रदर्शन
शनिवार को बजरंग दल के कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में पटेल मार्ग स्थित एक दुकान के पास पहुंचे और प्रदर्शन किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को तितर-बितर किया। इसके बाद कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए मालवीय उद्यान की ओर बढ़ गए।मालवीय उद्यान में दोनों पक्षों के बीच झगड़े की स्थिति बन गई थी, लेकिन पुलिस प्रशासन की तत्परता से हालात संभाल लिए गए।
प्रशासन की मध्यस्थता से शांत हुआ मामला
बजरंग दल के कार्यकर्ता मालवीय उद्यान के पास सड़क पर बैठकर नारेबाजी करने लगे। उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान और एएसपी चंद्रमोहन सिंह मौके पर पहुंचे और वार्ता के लिए कार्यकर्ताओं को उद्यान के भीतर ले गए, लेकिन बातचीत सफल नहीं हो सकी।कार्यकर्ता बुधवार को हुई मारपीट की घटना के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। देर शाम पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया।
Post Views: 3
Post navigation
