

दीपावली पर उत्तराखंड में रिकॉर्ड 6.67 लाख पेटी शराब बिकी
उत्तराखंड में इस वर्ष दीपावली त्योहारी सीजन के दौरान शराब की बिक्री में नया रिकॉर्ड बना है। आबकारी आयुक्त अनुराधा पाल के अनुसार, सिर्फ 15 दिनों में 6.67 लाख पेटी शराब बिकने से राज्य सरकार और व्यापारियों दोनों को जबरदस्त लाभ हुआ है। पिछले वर्ष की तुलना में बिक्री में 20-25% की वृद्धि दर्ज की गई और शराब कारोबार से 367 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ। पिछले वर्ष दीपावली के दौरान जहां 280 से 300 करोड़ रुपये की बिक्री हुई थी, वहीं इस बार यह आंकड़ा 25 से 30 प्रतिशत तक और बढ़ गया, जो दीपावली के उत्सव के साथ शराब की मांग में भी तेज बढ़ोतरी को दर्शाता है।
दीपावली पर व्यापारियों और सरकार को भारी मुनाफा
उत्तराखंड के प्रमुख शहरों—देहरादून, हरिद्वार, काशीपुर और हल्द्वानी में इस साल दीपावली सीजन के दौरान शराब की बिक्री ने सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए। इन शहरों में दीपावली के कई दिन पहले से ही शराब दुकानों पर लंबी कतारें लगने लगी थीं, और कई प्रीमियम ब्रांड्स का स्टॉक तुरंत खत्म हो गया। आबकारी आयुक्त अनुराधा पाल के अनुसार, बिक्री में 20 से 25 प्रतिशत की अभूतपूर्व वृद्धि दर्ज की गई है। त्योहारी सीजन में रिकॉर्ड तोड़ बिक्री से शराब व्यापारियों को बंपर मुनाफा हुआ, वहीं सरकार को भी राजस्व में उल्लेखनीय बढ़ोतरी मिली है।
लेखक- शुभम तिवारी (HNN24X7)
