
हल्द्वानी शहर में लगातार बढ़ते सड़क हादसों के बीच एक और दर्दनाक घटना सामने आई है। नैनीताल जिले के हल्द्वानी क्षेत्र में एक किशोर की जान उस वक्त चली गई, जब वह सड़क पर बने गड्ढे से बचने की कोशिश में तेज रफ्तार मिक्सर ट्रक की चपेट में आ गया।
घटना हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र की नहर कवरिंग रोड की है। जानकारी के अनुसार, किशोर अपने बड़े भाई के साथ गैस सिलेंडर लेकर बाइक से घर लौट रहा था। जगदंबा नगर मंदिर के पास सड़क पर बने गड्ढे को बचाने के दौरान बाइक का संतुलन बिगड़ गया। इसी दौरान पीछे बैठा किशोर सड़क पर गिर पड़ा और सामने से आ रहे मिक्सर ट्रक ने उसे कुचल दिया।
हादसा इतना भयावह था कि किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान अर्जुन के रूप में हुई है, जो अपने परिवार के साथ पनचक्की क्षेत्र में रहकर बटाई पर खेती का काम करता था। बताया गया कि अर्जुन अपने बड़े भाई ललित के साथ मुखानी क्षेत्र से सिलेंडर भरवाकर लौट रहा था। सड़क की बदहाल स्थिति इस हादसे की बड़ी वजह बताई जा रही है।
घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में हादसे की भयावहता साफ देखी जा सकती है। हादसे के बाद मिक्सर ट्रक का चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
एसपी मनोज कत्याल ने बताया कि मिक्सर ट्रक को जब्त कर लिया गया है और चालक की तलाश जारी है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस हादसे के बाद एक बार फिर हल्द्वानी की सड़कों की स्थिति और यातायात सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर बने गड्ढे आए दिन हादसों को न्योता दे रहे हैं, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है।
