देहरादून: हांडी रेस्टोरेंट में मिली सड़ी-गली खाद्य सामग्री, तत्काल बंद कराया गया रेस्टोरेंट – myuttarakhandnews.com

 
दून क्लब स्थित रेस्टोरेंट में खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी उजागर, 14 दिन का इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी
राजधानी देहरादून में खाद्य सुरक्षा को लेकर की गई कार्रवाई के दौरान न्यू सर्वे रोड, करणपुर स्थित दून क्लब के हांडी रेस्टोरेंट में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। संयुक्त निरीक्षण टीम को रसोईघर से लेकर स्टोर रूम तक गंदगी, सड़ी-गली सब्जियां, बासी खाद्य सामग्री और कॉकरोच व चूहों की मौजूदगी मिली। खामियों को गंभीरता से लेते हुए रेस्टोरेंट को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया और संचालक को 14 दिन का इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया।
 
राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, उत्तराखंड और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून के दिशा-निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने मंगलवार को रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान रसोईघर, फ्रीजर, खाद्य सामग्री के भंडारण स्थल, बर्तन धोने के क्षेत्र और स्टोर रूम की जांच की गई।
 
फ्रीजर में मिलीं सड़ी सब्जियां, कई दिन पुरानी खाद्य सामग्री
 
निरीक्षण के दौरान फ्रीजर में फूलगोभी, मूली, शिमला मिर्च, पत्तागोभी और आलू समेत कई सब्जियां सड़ी-गली अवस्था में मिलीं। करीब दो दिन पुराने चावल, दो से तीन दिन पुराना गूंथा हुआ आटा और लगभग एक सप्ताह पुरानी मोमोज व चाउमीन की सामग्री भी पाई गई। खाद्य पदार्थ खुले बर्तनों में रखे हुए थे।
 
रसोईघर और मसाले रखने वाली अलमारी में कॉकरोच व चूहों की मौजूदगी मिली। कई मसालों की थैलियां चूहों द्वारा कुतरी हुई पाई गईं। स्टोर रूम में भी चूहों के होने के प्रमाण सामने आए।
 
तीन-चार दिन से पड़े थे जूठे बर्तन, नालियां भी मिलीं जाम
 
बर्तन धोने वाले स्थान पर भारी गंदगी, तीन से चार दिन पुराने जूठे बर्तन और जमा कूड़ा-कचरा मिला। नालियां जाम थीं और ड्रेनेज सिस्टम भी खराब पाया गया। इसके अलावा कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस से जुड़े दस्तावेज, पेस्ट कंट्रोल के प्रमाण और इस्तेमाल किए जा रहे पानी की जांच रिपोर्ट भी मौके पर उपलब्ध नहीं थी।
 
खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे
 
टीम ने रेस्टोरेंट से पनीर, दूध और डीप फ्रीजर में रखी तैयार चिकन करी के नमूने जांच के लिए लिए। वहीं, मौके पर पांच किलोग्राम बासी चावल, 15 किलोग्राम सब्जियां, दो किलोग्राम मोमोज और बासी चिकन करी को नष्ट कराया गया। नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
 
14 दिन में सुधार नहीं हुआ तो लाइसेंस पर हो सकती है कार्रवाई
 
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी ने रेस्टोरेंट में मिली खामियों पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि दून क्लब जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों का पालन बेहद जरूरी है, क्योंकि यहां वीवीआईपी सहित कई गणमान्य अतिथियों का आवागमन रहता है। ऐसे में भोजन तैयार करने और परोसने की व्यवस्था निर्धारित मानकों के अनुरूप होनी चाहिए।
 
रेस्टोरेंट संचालक अभय सिंह नेगी को परिसर की गहन सफाई, खराब खाद्य सामग्री के निस्तारण, पेस्ट कंट्रोल, नालियों व ड्रेनेज सिस्टम की मरम्मत, पेयजल की गुणवत्ता की जांच और कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस से संबंधित दस्तावेज पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं।
 
निर्धारित 14 दिन की अवधि के बाद दोबारा निरीक्षण कर सुधारों का सत्यापन किया जाएगा। यदि कमियां दूर नहीं की गईं, तो खाद्य सुरक्षा संबंधी लागू कानूनी प्रावधानों के तहत लाइसेंस निलंबित करने सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है।
 
संयुक्त निरीक्षण टीम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कपिल देव, अभिहित अधिकारी मनीष सयाना और वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश सिंह शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान दून क्लब के अध्यक्ष मनोज सूरी भी मौजूद थे।
 
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आमजन के स्वास्थ्य और सुरक्षित खाद्य पदार्थों की उपलब्धता से जुड़े मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


Post Views: 1

Post navigation

pooja Singh

Share
Published by
pooja Singh

Recent Posts

ऋषिकेश में बुजुर्गों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 25 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों की हुई जांच

वृद्धजन स्वास्थ्य देखभाल माह के तहत यूपीएचसी शांतिनगर में आयोजन, जरूरतमंद बुजुर्गों को बांटे स्वास्थ्य…

2 minutes ago

स्कूलों में खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन को ढाई करोड़ स्वीकृत

जिलेवार आवंटित बजट से छात्रों को मिलेगी बेहतर खेल सुविधाएं  खेलों के आयोजन, खिलाडियों के…

24 minutes ago

विकास भवन में तीन दिवसीय प्रशासनिक प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ, पारदर्शिता और जवाबदेही पर जोर

एटीआई नैनीताल के सहयोग से आयोजित कार्यशाला में सूचना का अधिकार, लैंगिक उत्पीड़न निवारण, वेतन…

45 minutes ago

ग्राफिक एरा में हैकाथॉन, पर्यटन की समस्याओं का समाधान खोज रहे छात्र –

 देहरादून ,। ग्राफिक एरा में छात्र पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न चुनौतियों के…

1 hour ago

देहरादून में ‘ओए लकी लकी ओए’ जैसी फिल्मी चोरी, 70 बेड, 35 अलमारियां समेत लाखों के माल पर हाथ साफ, गिरफ्तार – myuttarakhandnews.com

देहरादून में बंद बॉयज हॉस्टल से लाखों का सामान चुराने वाले गैंग को पुलिस ने…

1 hour ago

डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड के राज्यपाल नियुक्त होने पर महाराज ने दी शुभकामनाएं

देहरादून। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का…

1 hour ago