देहरादून, श्री सत्य साईं बाबा का निर्वाण दिवस ‘आराधना दिवस’ के रूप में भक्ति, सेवा एवं आध्यात्मिकता के साथ मनाया गया
श्री सत्य साईं बाबा जी के निर्वाण दिवस को ‘आराधना दिवस’ के रूप में देहरादून सहित जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में श्रद्धा, भक्ति एवं सेवा भाव के साथ मनाया गया। मुख्य कार्यक्रम देहरादून स्थित श्री साईं ज्योति केंद्र, 58 डी.एल. रोड में भव्य रूप से आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, पदाधिकारियों एवं भक्तों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 5:20 बजे सुप्रभातम एवं ओंकार के पवित्र जाप के साथ हुआ। इसके पश्चात नगर संकीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन करते हुए वातावरण को भक्तिमय बना दिया। संकीर्तन के दौरान पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ और लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
प्रातः 9:00 बजे मुख्य कार्यक्रम विधिवत रूप से प्रारंभ हुआ, जिसमें हवन एवं लक्ष्यर्चना के माध्यम से विश्व शांति, मानव कल्याण एवं सद्भावना की कामना की गई। ध्वजारोहण एवं दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम को औपचारिक रूप से आगे बढ़ाया गया। इसके उपरांत वैल्यू सॉन्ग प्रस्तुत किए गए, जिनमें मानवीय मूल्यों—सत्य, धर्म, शांति, प्रेम एवं अहिंसा—का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर जनपद के अंतर्गत विभिन्न इकाइयों के कन्वीनरों ने अपने-अपने यूनिट में संचालित आध्यात्मिक एवं सेवा कार्यों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। जिला अध्यक्ष ने अपने संबोधन में वर्तमान में चल रही गतिविधियों, सेवा प्रकल्पों एवं भविष्य की कार्ययोजना पर प्रकाश डालते हुए संगठन की दिशा एवं उद्देश्य स्पष्ट किए। उन्होंने सभी सदस्यों से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने हेतु निरंतर सेवा कार्यों में सक्रिय रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित विभिन्न वक्ताओं एवं वरिष्ठ भक्तों ने ‘आराधना दिवस’ के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह दिवस केवल श्रद्धांजलि अर्पित करने का अवसर ही नहीं, बल्कि आत्मचिंतन, आत्मविकास एवं सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देता है। उन्होंने श्री सत्य साईं बाबा के जीवन, उनके उपदेशों एवं मानवता के प्रति उनके योगदान को विस्तार से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल ए. के. बक्शी एवं उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री प्रदीप बत्रा रहे। स्टेट प्रेसिडेंट कर्नल योगेंद्र सिंह ने मुख्य अतिथियों का पारंपरिक एवं हार्दिक स्वागत किया।
अपने संबोधन में लेफ्टिनेंट जनरल ए. के. बक्शी ने श्री सत्य साईं बाबा के साथ अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए कहा कि बाबा की शिक्षाएं आज भी समाज को सही दिशा प्रदान कर रही हैं। उन्होंने बाबा की कृपा एवं उनके द्वारा दिए गए मानवीय मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम की सूचना मिलते ही कैबिनेट मंत्री श्री प्रदीप बत्रा भी साईं ज्योति केंद्र पहुंचे। संस्था के ट्रस्टी दीपक नौटियाल, कर्नल योगेंद्र सिंह एवं अन्य वरिष्ठ भक्तों ने उनका गर्मजोशी एवं सम्मानपूर्वक स्वागत किया। अपने संबोधन में श्री बत्रा ने कहा कि “बाबा की कृपा से ही मुझे उत्तराखंड की जनता की सेवा करने का अवसर प्राप्त हुआ है।” उन्होंने संगठन द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में मंगल आरती संपन्न हुई, जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से भाग लिया और वातावरण पूर्णतः भक्तिमय हो गया।
परंपरा के अनुसार ‘आराधना दिवस’ के अवसर पर नारायण सेवा का विशेष आयोजन किया गया। इसके अंतर्गत कुष्ठ रोगी आश्रम, मलिन बस्ती एवं लोहार बस्ती में जरूरतमंदों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई। इस सेवा कार्य में स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और समाज के वंचित वर्ग तक सहायता पहुंचाई।
समूचा कार्यक्रम अनुशासन, श्रद्धा एवं सेवा भावना के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसने उपस्थित सभी लोगों को आध्यात्मिक ऊर्जा एवं समाजसेवा के प्रति प्रेरित किया।
राजीव गांधी नवोदय विद्यालयों का होगा संपूर्ण कायाकल्प,उत्कृष्टता केंद्र के रूप में किए जाएँगे विकसित…
PIONEER EDGE NEWS SERVICE /Dehradun Chief minister Pushkar Singh Dhami on Wednesday announced recruitment in…
नवाचारी पहल के रूप में विकसित होगा प्रकृति और रोमांच का संगम, जिलाधिकारी ने निरीक्षण…
PIONEER EDGE NEWS SERVICE/ Haridwar Despite crores of rupees being poured into the Namami Gange…
देहरादून। अवैध शराब की बिक्री और भंडारण पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग ने…
पंतनगर -हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड की स्वास्थ्य सेवा परियोजना एवं सामुदायिक विकास कार्यक्रम के तहत ममता…