नए साल के जश्न पर शराब पीकर ड्राइविंग पर चलेगा विशेष चेकिंग अभियान – myuttarakhandnews.com

उत्तराखंड: नए साल के मौके पर देशभर से हजारों की संख्या में सैलानी उत्तराखंड पहुंचते हैं। मसूरी और नैनीताल जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भारी भीड़ को देखते हुए सरकार ने कानून-व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर कड़े निर्देश जारी किए हैं। नववर्ष के जश्न के दौरान सड़क हादसों को रोकने के लिए पुलिस और परिवहन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में रहेगा।
 
सरकार के निर्देश पर 31 दिसंबर और 1 जनवरी को दो दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान शराब पीकर वाहन चलाने, तेज रफ्तार और रैश ड्राइविंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नियम तोड़ने वालों पर 10 हजार रुपये तक का जुर्माना और छह महीने तक की जेल का प्रावधान किया गया है। यह अभियान दिन के साथ-साथ रात में भी जारी रहेगा।
 
देहरादून में उप परिवहन आयुक्त शैलेश तिवारी ने बताया कि अभियान को प्रभावी बनाने के लिए विभाग ने 45 नए अल्कोमीटर खरीदे हैं। इनकी मदद से मौके पर ही शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच की जाएगी। शराब की पुष्टि होने पर चालक का तत्काल 10 हजार रुपये का चालान किया जाएगा और मामला कोर्ट भेजा जाएगा।
 
परिवहन विभाग ने मसूरी, नैनीताल समेत सभी प्रमुख पर्यटक स्थलों की ओर जाने वाले मार्गों पर विशेष टीमें तैनात करने का निर्णय लिया है। इन मार्गों पर ओवरस्पीड, बिना हेलमेट, सीट बेल्ट न लगाने और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
 
अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि लोगों को सुरक्षित ड्राइविंग के लिए प्रेरित करना भी है। इसी के तहत ट्रैफिक नियमों का पालन करने वाले वाहन चालकों को फूल देकर सम्मानित किया जाएगा, ताकि सकारात्मक संदेश दिया जा सके। परिवहन विभाग ने लोगों से अपील की है कि नए साल का जश्न जिम्मेदारी के साथ मनाएं, शराब पीकर वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही किसी की जान पर भारी पड़ सकती है।

Post Views: 5

Post navigation

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK No thanks