देहरादून। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 अभियान के तहत सोमवार को जिला कार्यालय स्थित ऋषिपर्णा सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्षों, प्रतिनिधियों एवं सचिवों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल हो, इसके लिए जिला प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है। अभियान को पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए राजनीतिक दलों, बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) और बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) के समन्वित सहयोग की आवश्यकता है।
उन्होंने बताया कि 1 जुलाई 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध करा रहे हैं तथा प्राप्त प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन भी किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के कुल 13,76,813 मतदाताओं में से 13,55,948 (98.48 प्रतिशत) मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं। इनमें से 10,98,179 (79.76 प्रतिशत) प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन पूरा हो चुका है, जबकि 1,42,485 (10.35 प्रतिशत) प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन शेष है। वर्तमान में केवल 1,36,149 (9.89 प्रतिशत) मतदाताओं से गणना प्रपत्र प्राप्त होना बाकी है।
उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे अपने-अपने बीएलए के माध्यम से मतदाताओं से गणना प्रपत्र समय पर भरवाकर जमा कराने में सहयोग करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रह जाए।
बैठक में बताया गया कि जिन मतदाताओं तक किसी कारणवश गणना प्रपत्र नहीं पहुंच पाए हैं, उनके संबंध में बीएलओ स्थानीय जांच के आधार पर अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत अथवा डुप्लीकेट जैसी श्रेणियों में सूची तैयार करेंगे। यह सूची पंचायत भवनों, नगर निकाय कार्यालयों तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं जिला निर्वाचन कार्यालय की वेबसाइट पर सार्वजनिक की जाएगी और राजनीतिक दलों को भी उपलब्ध कराई जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में सभी राजनीतिक दलों की सक्रिय सहभागिता लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाती है। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने के लिए सभी दलों से जिला प्रशासन एवं निर्वाचन विभाग का पूर्ण सहयोग करने का आग्रह किया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र देवली सहित भाजपा, कांग्रेस, बसपा, सीपीआई(एम) और आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
my uttarakhand news Bureau Dehradun, 19 Aug: Governor Lt Gen (Retd) Gurmit Singh, addressing probationers…
आंगनबाड़ी कार्यकर्ती पुरस्कार के लिए 35 कार्यकर्तियां भी सम्मानित होंगी 8 अगस्त को देहरादून में…
my uttarakhand news Bureau Dehradun, 18 Aug: Senior BJP leader Vivekanand Khanduri has issued a…
my uttarakhand news Bureau Dehradun, 19 Aug: BJP state media in-charge Manveer Singh Chauhan today…
सौड़ा सरौली में सुरक्षा दीवारों का निर्माण पूर्णता की ओर, कलिंगा नहर बहाल होने से…
Following the accident in the THDC tunnel currently under construction, and acting under the directives…