गैरसैंण: भराड़ीसैंण में नौ से 13 मार्च तक आयोजित होने वाले विधानसभा बजट सत्र को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए विशेष रूट चार्ट तैयार किया है। सत्र के दौरान क्षेत्र में जनप्रतिनिधियों, वीआईपी व्यक्तियों, अधिकारियों-कार्मिकों और आम जनता का लगातार आवागमन रहेगा, जिसे देखते हुए यह व्यवस्था लागू की गई है।
पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह ने बताया कि विधानसभा सत्र के दौरान यातायात को सुचारू बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए गैरसैंण-भराड़ीसैंण नगर क्षेत्र में भारी मालवाहक वाहनों के आवागमन पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया गया है।
यह प्रतिबंध 9 मार्च से 13 मार्च तक प्रतिदिन सुबह सात बजे से रात आठ बजे तक प्रभावी रहेगा। इस अवधि के दौरान गैरसैंण से भराड़ीसैंण नगर क्षेत्र के बीच भारी मालवाहक वाहनों का आवागमन पूरी तरह से बंद रहेगा।
पुलिस के अनुसार गढ़वाल से कुमाऊं की ओर जाने वाले मालवाहक वाहनों को कर्णप्रयाग-सिमली-ग्वालदम मार्ग से भेजा जाएगा। वहीं जिन लोगों को गैरसैंण क्षेत्र में सामान पहुंचाना है, वे अपने मालवाहक वाहन रात आठ बजे के बाद क्षेत्र में ला सकेंगे।
पुलिस प्रशासन ने आम जनता और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट चार्ट का पालन करें, ताकि विधानसभा सत्र के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
Post Views: 2
Post navigation
