मसूरी। मसूरी-देहरादून मोटर मार्ग पर पानी वाले मोड़ के पास लगातार हो रहे भूस्खलन और सड़क की खराब स्थिति को लेकर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सोमवार को स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ क्षतिग्रस्त सड़क का जायजा लेते हुए जल्द सुधार कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
बार-बार भूस्खलन होने के कारण सड़क का एक हिस्सा काफी संकरा हो गया है। इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ मसूरी आने वाले पर्यटकों को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली।
अधिकारियों की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पहाड़ी के ऊपरी हिस्से से आने वाली नदी अथवा जलधारा का पानी सड़क की ओर पहुंच रहा है। पानी के लगातार बहाव के चलते मिट्टी और मलबा खिसकने से भूस्खलन की समस्या बार-बार सामने आ रही है। इससे सड़क की स्थिति लगातार खराब हो रही है।
निरीक्षण के दौरान गणेश जोशी ने कहा कि मसूरी-देहरादून मार्ग को सुरक्षित और सुचारू बनाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सड़क के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक बजट की कमी नहीं होने दी जाएगी। मसूरी उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि देश-विदेश के पर्यटकों के लिए प्रमुख पर्यटन स्थल है। ऐसे में मुख्य मार्ग की खराब स्थिति से पर्यटन गतिविधियों पर असर पड़ सकता है।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूस्खलन की समस्या का तत्काल समाधान किया जाए और सड़क को सुरक्षित बनाने के लिए ठोस एवं स्थायी कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों और पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शासन स्तर से भी आवश्यक कार्रवाई तेजी से की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान नगरपालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, संदीप साहनी, संजय अग्रवाल, राकेश रावत, राकेश माथुर, एसडीएम मसूरी राहुल आनंद, लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता दयानंद, अधिशासी अभियंता बीएन द्विवेदी समेत विभागीय अधिकारी और अन्य लोग मौजूद रहे।
my uttarakhand news Bureau Dehradun, 1 Nov: Cabinet Minister Ganesh Joshi today laid the foundation…
my uttarakhand news Bureau Dehradun, 1 Nov: École Globale International Girls’ School, Dehradun, celebrated the…
देहरादून। उत्तराखंंड में कहीं-कहीं मौसम बिगड़ा हुआ है तो किसी जिले में धूप खिली है।…
my uttarakhand news Bureau Dehradun, 1 Nov: The Asian School, Dehradun, celebrated its 27th Junior…
देहरादून। पंजाबी गायक दलेर मेहंदी और उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के बीच कुंजापुरी…
देहरादून। दिल्ली में वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए लागू किए गए नए वाहन नियमों…