Site icon My Uttarakhand News
Subscribe for notification

उत्तराखंड भाजपा की नई टीम में हो सकती है महिला महामंत्री की एंट्री, संगठन में अहम जिम्मेदारी देने की तैयारी – myuttarakhandnews.com

देहरादून। उत्तराखंड भाजपा की नई टीम में पहली बार महिला महामंत्री की एंट्री हो सकती है। साथ ही पार्टी संगठन में आधा दर्जन विधायकों को भी अहम जिम्मेदारी देने की तैयारी है। भाजपा सूत्रों से छन-छन कर आ रही जानकारी के मुताबिक प्रांतीय टीम में 60 प्रतिशत नए चेहरों को जगह मिल सकती है। प्रांतीय कार्यकारिणी के संबंध में पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष से एक दौर की और वार्ता शेष है। इसके बाद केंद्रीय नेतृत्व से हरी झंडी मिलते ही नई टीम घोषित कर दी जाएगी।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पद पर राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट की लगातार दूसरी बार ताजपोशी के बाद सभी की नजरें नई प्रांतीय कार्यकारिणी पर टिकी हैं। दरअसल, पार्टी की नई प्रांतीय टीम को ही वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में जनता के बीच जाना है।
इसे ध्यान में रखते हुए क्षेत्रीय, जातीय समेत तमाम समीकरणों के दृष्टिगत लंबे समय से मंथन चल रहा था। इसी कड़ी में हिमाचल प्रदेश में पार्टी की प्रांतीय टीम के गठन को लेकर अपनाए गए फार्मूले को भी परखा गया। सूत्रों ने बताया कि इसी के आधार पर नई टीम का गठन यहां भी प्रस्तावित है।
हिमाचल प्रदेश भाजपा की टीम में महिला महामंत्री की नियुक्ति की गई है। साथ ही वहां छह विधायकों और एक राज्यसभा सदस्य को पार्टी संगठन में पदाधिकारी बनाया गया है। सूत्रों ने बताया कि इसी तर्ज पर उत्तराखंड में भी पार्टी संगठन में महिला महामंत्री की एंट्री हो सकती है।
इसके लिए कुछ नामों पर विचार भी हो चुका है। यही नहीं, आधा दर्जन से अधिक विधायकों को प्रांतीय टीम में सांगठनिक जिम्मेदारी सौंपने की तैयारी है। सूत्रों ने यह भी बताया कि नई टीम में पिछली टीम के 40 प्रतिशत चेहरे शामिल हो सकते हैं, जबकि शेष नए होंगे। इस परिदृश्य के बीच सबकी नजर इस पर टिकी है कि प्रांतीय टीम के लिए भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व किन नामों पर मुहर लगाता है।
प्रांतीय टीम में पदाधिकारी
प्रदेश भाजपा की टीम में मुख्यतया आठ उपाध्यक्ष, चार महामंत्री, आठ मंत्री, एक कोषाध्यक्ष, एक कार्यालय सचिव, एक मीडिया प्रभारी, एक विभाग प्रभारी, दो प्रकोष्ठ प्रभारी और पार्टी के सात मोर्चों के अध्यक्ष नियुक्त किए जाते हैं।

Exit mobile version