
देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने वन विभाग के प्रमुख वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख (HoFF) के पद पर 1993 बैच के भारतीय वन सेवा अधिकारी रंजन कुमार मिश्र को पदोन्नत कर तैनात किया है। यह नियुक्ति 1990 बैच के आईएफएस अधिकारी समीर सिन्हा के 30 नवंबर 2025 को सेवानिवृत्त होने के बाद खाली हुए पद पर की गई है।
शासन सचिव सी. रविशंकर द्वारा जारी आदेश में रंजन कुमार मिश्र को प्रभागीय वन संरक्षक (देहरादून) से पदोन्नत कर पे-मैट्रिक्स लेवल-17 में प्रमुख वन संरक्षक (HoFF) के पद पर नियुक्त किया गया है। राज्यपाल की स्वीकृति मिलते ही यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो जाएगा। आदेश की प्रति भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव वन, अपर प्रमुख वन संरक्षक (वन निदेशालय) सहित सभी संबंधित अधिकारियों को प्रेषित कर दी गई है।
25 नवंबर 2025 को हुई विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की अनुशंसा के आधार पर यह चयन किया गया है। वर्तमान में सबसे वरिष्ठ अधिकारी 1992 बैच के भवानी प्रकाश गुप्ता (बी.पी. गुप्ता) हैं, जो वर्तमान में PCCF (प्रशासन) के पद पर कार्यरत हैं, किंतु उनकी सेवानिवृत्ति 31 दिसंबर 2025 को होने के कारण केवल एक माह का कार्यकाल शेष रह जाने से सरकार ने उन्हें यह दायित्व नहीं सौंपा। इसके स्थान पर सीनियरिटी क्रम में अगले स्थान पर रहे रंजन कुमार मिश्र को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।
रंजन कुमार मिश्र अभी तक प्रमुख वन संरक्षक (वन्यजीव) के पद पर कार्यरत थे। अब उनके इस पद पर भी नए अधिकारी की नियुक्ति की जानी है। रंजन कुमार मिश्र का कार्यकाल 30 जून 2026 तक रहेगा। उनके बाद सीनियरिटी में 1994 बैच के कपिल लाल अगले दावेदार होंगे।
