Categories: hindiUttarakhand

उत्तराखंड में बदला मौसम, केदारनाथ-बद्रीनाथ समेत ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी, भयंकर पड़ रही ठंड – myuttarakhandnews.com

देहरादून. उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है और प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में साल की पहली बर्फबारी शुरू हो गई है. केदारनाथ, बद्रीनाथ, यमुनोत्री और गंगोत्री धाम समेत कई ऊंचे क्षेत्रों में हिमपात हुआ है, जिससे पहाड़ बर्फ की सफेद चादर में ढक गए हैं. बर्फबारी के चलते तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है और पूरा प्रदेश शीतलहर की चपेट में आ गया है. ऊंचाई वाले इलाकों में सड़कों पर बर्फ जमने से यातायात प्रभावित हुआ है, वहीं स्थानीय लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है. बर्फबारी से जहां एक ओर चारधाम क्षेत्र में प्राकृतिक सौंदर्य और भी बढ़ गया है, वहीं दूसरी ओर ठंड और फिसलन के कारण लोगों की परेशानियां भी बढ़ी हैं.
पर्यटन के लिहाज से यह बर्फबारी राहत लेकर आई है. पहाड़ों पर बर्फ गिरते ही सैलानियों की संख्या बढ़ने लगी है, जिससे होटल और पर्यटन से जुड़े व्यवसायों को फायदा होने की उम्मीद है. मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ने की संभावना जताई है.
उत्तराखंड में आज सुबह से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है. कई जिलों में बादल छाए हुए हैं और बूंदाबादी का दौर शुरू हो गया है. मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, आज 23 जनवरी से 27 जनवरी तक पूरे प्रदेश में बारिश और बर्फबारी की गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद है. महीनों से सूखी ठंड और पाले की मार झेल रहे किसानों और स्थानीय निवासियों के लिए यह भविष्यवाणी राहत भरी साबित हो रही है, क्योंकि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मैदानी इलाकों में हल्की बारिश और ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फ की सफेद चादर बिछने की शुरुआत हो गई है. आज विशेष रूप से पांच पर्वतीय जिलों जैसे उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ और बागेश्वर के लिए भारी बर्फबारी का ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है.मौसम विभाग के अनुसार, 2800 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी की प्रबल संभावना है, जबकि 2300 मीटर तक की ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी बर्फ गिरने के आसार हैं.प्रशासन ने इन संवेदनशील इलाकों में पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सावधानी बरतने और अत्यधिक ठंड से बचने की सलाह दी है.
राज्य के 6 जिलों में भारी बारिश की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के मुताबिक,पहाड़ों के साथ-साथ राज्य के मैदानी जिलों, जैसे हरिद्वार और उधम सिंह नगर में भी आज अनेक स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है. इसके अलावा देहरादून समेत उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कुछ हिस्सों में भारी बारिश और गर्जन के साथ ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है. इस दौरान आकाशीय बिजली चमकने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने का भी अनुमान है, जिससे तापमान में गिरावट और ठिठुरन बढ़ने की आशंका है.
बसंत पंचमी के दिन कैसा रहेगा मौसम?राजधानी देहरादून की बात करें तो बसंत पंचमी के दिन की शुरुआत बूंदाबांदी के साथ हुई है. आज शहर में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है. विभाग ने देहरादून का अधिकतम तापमान 15°C और न्यूनतम तापमान 08°C के आसपास रहने का अनुमान जताया है. बारिश के कारण शहर के तापमान में जो गिरावट आएगी, उससे सूखी ठंड से तो मुक्ति मिलेगी लेकिन शीतलहर का प्रभाव बढ़ सकता है.
27 जनवरी तक बदला रहेगा मौसम का मिजाजमौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह मौसमी बदलाव 27 जनवरी तक जारी रहने की उम्मीद है, जो कि रबी की फसलों और पर्यावरण के लिए बेहद अहम माना जा रहा है. 28 जनवरी से मौसम सामान्य होने की संभावना है.पर्वतीय क्षेत्रों में शीत दिवस (Cold Day) जैसी स्थिति बनी रह सकती है, जिसके कारण सड़कों पर पाला गिरने या बर्फ जमने से फिसलन बढ़ सकती है. यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे पहाड़ी रास्तों पर यात्रा करते समय मौसम की ताजा अपडेट लेते रहें और सुरक्षित स्थानों पर जाएं.

Nandni sharma

Share
Published by
Nandni sharma

Recent Posts

विधानसभा सत्र–2026 के लिए पुलिस प्रशासन की तैयारियां पूर्ण

आईजी अपराध एवं कानून व्यवस्था व आईजी गढ़वाल ने पुलिस बल की ब्रीफिंग कर दिए…

35 minutes ago

लोहाघाट में 257 करोड़ की लागत से बन रहा बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज, डीएम ने किया निरीक्षण

नवंबर तक बास्केटबॉल, फुटबॉल और हॉकी मैदान तैयार करने के निर्देश, दिसंबर तक पूरे होंगे…

57 minutes ago

पौड़ी को जाम से मिलेगी राहत, 300 वाहनों की क्षमता वाली बहुमंजिला पार्किंग की तैयारी तेज

अपर चोपड़ा की पार्किंग एक माह में पूरी करने के निर्देश, हेरिटेज संग्रहालय और वीर…

1 hour ago

निर्माणाधीन भवन में मिला पंजाब निवासी 52 वर्षीय व्यक्ति का शव, पांचवीं मंजिल से गिरने की आशंका

देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र में एटीएस कॉलोनी के पास एक निर्माणाधीन भवन में 52 वर्षीय…

2 hours ago

शेरपुर में सेवा संकल्प अभियान के तहत दिव्यांग शिविर आयोजित, 208 लोगों ने उठाया स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ

शेरपुर में सेवा संकल्प अभियान के तहत दिव्यांग शिविर आयोजित, 208 लोगों ने उठाया स्वास्थ्य…

2 hours ago