Site icon My Uttarakhand News
Subscribe for notification

भंडारे के दौरान दो गुटों में फायरिंग, युवक की मौत,शव मिलने से तनाव चरम पर – myuttarakhandnews.com

भगवानपुर (हरिद्वार)। रविदास शोभायात्रा के बाद आयोजित भंडारे के दौरान रविवार को युवकों के दो गुटों में हुए झगड़े ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों की ओर से की गई फायरिंग में आनंद (28) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं देर रात दूसरे पक्ष के मांगेराम (45) का शव खेत में मिला, जिसके शरीर पर पिटाई के निशान थे। इस घटना में तीन युवक विकास, योगेंद्र और गगन भी घायल हुए हैं। दोहरी हत्या के बाद गांव में तनाव का माहौल है और भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पुरानी रंजिश बनी खूनी संघर्ष की वजह
रविवार को भगवानपुर के बिनारसी गांव में रविदास शोभायात्रा निकाली गई, जिसका समापन मंदिर में किया गया। इसके बाद मंदिर परिसर के पास भंडारे का आयोजन किया गया। शाम करीब पांच बजे युवकों के दो गुटों में पुरानी रंजिश को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ते-बढ़ते दोनों पक्षों के बीच फायरिंग में बदल गया।
इस दौरान आनंद (28) के सीने में गोली लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गोलीबारी में विकास, गगन और योगेंद्र घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया है।
पोस्टमार्टम से पहले धरना, पुलिस ने संभाले हालात
घटना के बाद पुलिस जब शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने लगी तो परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध किया। सड़क पर शव रखकर धरना दिया गया। पुलिस अधिकारियों के समझाने के बाद देर शाम शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
खेत में मिला दूसरा शव, पीट-पीटकर हत्या की आशंका
देर रात गांव के पास खेत में दूसरे पक्ष के मांगेराम (45) का शव मिला। उसके शरीर पर चोट के गहरे निशान थे। पुलिस को आशंका है कि उसकी पीट-पीटकर हत्या की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है।
तोड़फोड़ और आगजनी की कोशिश
घटना के बाद दोनों पक्षों में तनाव के चलते एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के घरों के बाहर खड़े करीब दस दोपहिया वाहनों में तोड़फोड़ की। साथ ही एक जगह भूसे के ढेर में आग लगाने की कोशिश भी की गई, जिसे ग्रामीणों ने समय रहते नाकाम कर दिया। गांव में फिलहाल भारी पुलिस फोर्स तैनात है और हालात पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

Post Views: 1

Post navigation

Exit mobile version