रजत जयंती पर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री आ सकते हैं, सैन्यधाम के लोकार्पण की तैयारी तेज – myuttarakhandnews.com

देहरादून: उत्तराखंड इस बार अपना 25वां स्थापना दिवस भव्य तरीके से मनाने जा रहा है। रजत जयंती के मौके पर प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन और सैन्यधाम के लोकार्पण समारोह का आयोजन प्रस्तावित है। इस ऐतिहासिक अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
राज्य स्थापना दिवस के कार्यक्रमों की तैयारियां जोरों पर हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी सविन बंसल ने ऋषिपर्णा सभागार में अधिकारियों की बैठक ली और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित करते हुए तय समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
डीएम ने लोक निर्माण विभाग, एमडीडीए, नगर निगम, विद्युत विभाग और वन विभाग को प्रस्तावित मार्गों पर सड़क सुधार, सफाई, सौंदर्यीकरण, झूलती बिजली लाइनों की मरम्मत और खतरनाक पेड़ों की छंटाई जैसे कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। पेयजल विभाग को कार्यक्रम स्थलों पर जल आपूर्ति और सुविधाओं को दुरुस्त रखने के आदेश दिए गए।
रजत जयंती सप्ताह के दौरान हर दिन अलग-अलग थीम आधारित कार्यक्रम होंगे — जिनमें नारी शक्ति दिवस, सुशासन दिवस, यूथ स्पोर्ट्स, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन दिवस और बलिदानियों को नमन जैसे आयोजन शामिल रहेंगे।
डीएम ने कहा कि नारी शक्ति दिवस पर स्वयं सहायता समूहों और एनआरएलएम से जुड़ी महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी ताकि महिला उद्यमिता को बढ़ावा मिल सके।
बैठक में सीडीओ अभिनव शाह, प्रभागीय वनाधिकारी नीरज शर्मा, एडीएम केके मिश्रा और नगर पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
यह आयोजन राज्य की सांस्कृतिक धरोहर, महिला सशक्तिकरण और प्रवासी उत्तराखंडियों के योगदान को विशेष रूप से प्रदर्शित करेगा।

Post Views: 6

Post navigation

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK No thanks