अमित शाह ने उत्तराखंड को दी 1474 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात, बोले- अटल ने बनाया, मोदी ने संवारा – myuttarakhandnews.com

देहरादून। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शुक्रवार को देहरादून पहुंचे। परेड ग्राउंड में आयोजित उत्तराखंड राज्योत्सव समारोह में उनके पहुंचते ही पूरा मैदान मोदी-मोदी के नारों से गूंज उठा। इस दौरान राज्य की विकास यात्रा पर आधारित लघु फिल्म प्रदर्शित की गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गृह मंत्री का स्वागत करते हुए उन्हें उत्तराखंड की टोपी, गंगाजली और समुद्र मंथन का प्रतीक चिह्न भेंट किया। समारोह में अमित शाह ने 1474 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
 
अपने संबोधन की शुरुआत भारत माता की जय के उद्घोष के साथ करते हुए अमित शाह ने कहा कि राहुल बाबा तक यह आवाज पहुंचनी चाहिए कि उत्तराखंड में तीसरी बार भाजपा की सरकार बन रही है। उन्होंने कहा कि वह गुजरात से आए हैं और उनकी दृढ़ मान्यता है कि जो चारधाम नहीं जाता, उसके लिए मोक्ष का द्वार नहीं खुलता। देवभूमि उत्तराखंड में चारधाम, हेमकुंड साहिब और कुंभ का प्रमुख क्षेत्र हरिद्वार स्थित है।
 
अटल ने बनाया उत्तराखंड, मोदी ने संवारा : अमित शाह
 
अमित शाह ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि आज उन्हें याद करने का दिन है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की तत्कालीन सरकार के दौरान पर्वतीय क्षेत्र के लोगों ने अलग राज्य के लिए आंदोलन किया और अटल बिहारी वाजपेयी ने उनकी इच्छा के अनुरूप उत्तराखंड राज्य का गठन किया। उन्होंने राज्य आंदोलनकारियों और बलिदानियों को नमन किया।
 
शाह ने कहा कि उत्तराखंड को अटल जी ने बनाया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे संवारा है। विकसित भारत की दिशा में उत्तराखंड पहला पड़ाव है। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विकसित भारत के साथ सबसे पहले विकसित उत्तराखंड बनाने का संकल्प लेना होगा।
 
सीएम धामी ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
 
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए प्रदेशवासियों की ओर से केंद्रीय गृह मंत्री का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देशहित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। आतंकवाद, अलगाववाद और नक्सलवाद के खिलाफ ठोस कदम उठाए गए हैं। उन्होंने उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर मिलने पर बधाई भी दी और कहा कि स्थापना दिवस से पहले गृह मंत्री का मार्गदर्शन मिलना प्रदेश के लिए गौरव की बात है।
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में उत्तराखंड तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल अपने स्वार्थ के लिए युवाओं को गुमराह कर रहे हैं। धामी ने कहा कि विपक्ष में रहने पर कुछ दल चुनाव संबंधी फैसलों और एसआईआर प्रक्रिया पर सवाल उठाते हैं, जबकि सत्ता में रहते हुए यही प्रक्रिया उन्हें सही लगती है।
 
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के नेताओं को उत्तराखंड के मान-सम्मान की चिंता नहीं है। राज्य का नाम रोशन करने वालों का अपमान किया जाता है और सहयोगी दलों के नेता उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया बताते हैं।
 
धामी ने कहा कि सतत विकास लक्ष्यों में उत्तराखंड को पहला स्थान मिला है। खनन के क्षेत्र में भी केंद्र सरकार से सहयोग मिला है और प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय राष्ट्रीय औसत से अधिक है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य है। नकल के मामलों में 100 से अधिक आरोपियों को जेल भेजा गया है। इसके बावजूद विपक्ष के नेता कार्रवाई नहीं होने की बात कहते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि की जनता विकास चाहती है और सरकार इसी दिशा में काम कर रही है।
 
पुलिस लाइन में उत्तराखंड पुलिस को मिलेगा राष्ट्रपति पुलिस कलर
 
परेड ग्राउंड में आयोजित राज्योत्सव समारोह के बाद केंद्रीय गृह मंत्री शाम को रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति निशान यानी प्रेसिडेंट्स कलर से अलंकृत किया जाएगा। इस सम्मान को प्रदेश पुलिस के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
 
अंकिता भंडारी मामले को लेकर विरोध, कई कार्यकर्ता हिरासत में
 
अमित शाह के दौरे के दौरान प्रदेश में विरोध प्रदर्शन भी हुए। गांधी पार्क से गृह मंत्री का विरोध करने जा रहे अंकिता न्याय यात्रा संयुक्त संघर्ष मंच से जुड़े कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। वहीं, परेड ग्राउंड में अमित शाह के आगमन से पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रात में ‘गो बैक’ के नारे लिखकर विरोध जताया।
 
डोईवाला में देहरादून एयरपोर्ट के पास काले झंडे लेकर प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। प्रदर्शनकारियों ने एयरपोर्ट के पास आसमान में काले गुब्बारे भी छोड़े। कांग्रेस कार्यकर्ता अंकिता भंडारी मामले में दुष्यंत गौतम की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।
 
गृह मंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। राज्योत्सव समारोह में उनकी मौजूदगी प्रदेश स्थापना दिवस से जुड़े आयोजनों का प्रमुख आकर्षण रही।


Post Views: 1

Post navigation

pooja Singh

Share
Published by
pooja Singh

Recent Posts

लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी और अभिनेता हेमंत पांडे लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित

देहरादून। परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित राज्योत्सव समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित…

28 minutes ago

एचएमटी रानीबाग के कर्मचारियों को हाईकोर्ट से राहत, 22 बिजली कनेक्शन फिर जुड़ने का रास्ता साफ – myuttarakhandnews.com

नैनीताल। हाईकोर्ट ने एचएमटी रानीबाग के आवासीय परिसर में रह रहे कामगार संघ के सदस्यों…

2 hours ago

चमोली में हादसा, 300 मीटर गहरी खाई में गिरी हरियाणा के पर्यटकों की कार – myuttarakhandnews.com

हरियाणा के पर्यटकों की कार चमोली में सिमली-ग्वालदम मोटर मार्ग पर खाई में गिरी. चमोली:…

2 hours ago

डोईवाला में फर्जी आरपीएफ अधिकारी गिरफ्तार, नीली बत्ती लगी कार से घूमकर झाड़ रहा था रौब – myuttarakhandnews.com

डोईवाला में फर्जी आरपीएफ अधिकारी गिरफ्तार, नीली बत्ती लगी कार से घूमकर झाड़ रहा था…

2 hours ago

उर्मिला सनावर की रिहाई का रास्ता साफ, बी वारंट पेशी पर भी मिली राहत, लेकिन जेल में ही कटेगी आज की रात – myuttarakhandnews.com

हरिद्वार कोर्ट से एक्ट्रेस उर्मिला सनावर को दो मुकदमों में राहत मिली है. शुक्रवार को…

2 hours ago