चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले में नंदकेशरी-चिड़िगा सड़क पर शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक पूर्व सैनिक की मौत हो गई। हादसे के बाद करीब तीन घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने शव को बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, कोठी गांव निवासी 43 वर्षीय पूर्व सैनिक दर्शन सिंह अपनी कार से चिड़िगा गांव से घर लौट रहे थे। इसी दौरान नंदकेशरी से करीब एक किलोमीटर पहले उनकी कार अनियंत्रित होकर लगभग 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही चिड़िगा, चेपडों और कोठी गांव के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। पुलिस टीम भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन गहरी खाई और दुर्गम स्थान के कारण शव को निकालने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से शव को स्ट्रेचर में बांधकर रस्सियों के सहारे ऊपर खींचा गया। करीब तीन घंटे के कठिन रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद रात लगभग 12 बजे शव को सड़क तक लाया जा सका। इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली पहुंचाया गया।
मृतक के परिजनों ने थराली अस्पताल में ही पोस्टमार्टम कराने का अनुरोध किया है। दर्शन सिंह अपने पीछे माता-पिता, पत्नी और दो बेटों को छोड़ गए हैं।
Post Views: 1
Post navigation
