CM धामी ने 215 उप निरीक्षकों को सौंपे नियुक्ति पत्र,कहाअसली परीक्षा अब शुरू – myuttarakhandnews.com

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में 215 नवनियुक्त उप निरीक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इनमें 104 उप-निरीक्षक, 88 गुल्मनायक (पीएसी) और 23 अग्निशमन द्वितीय अधिकारी शामिल हैं।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त अधिकारियों को बधाई देते हुए उन्हें जिम्मेदारियों का बोध कराया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि अब तक की परीक्षा केवल उनकी तैयारी का चरण थी, असली परीक्षा अब शुरू हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था, जनसुरक्षा, आपदा प्रबंधन और अग्निशमन जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन उन्हें पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ करना होगा। पुलिस व्यवस्था राज्य की रीढ़ है और इसे और अधिक सशक्त बनाने में नवनियुक्त अधिकारियों की अहम भूमिका रहेगी।
सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड दो अंतरराष्ट्रीय और दो आंतरिक सीमाओं से जुड़ा राज्य है। ऐसे में शांति एवं सुव्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ नशा, साइबर अपराध, महिला अपराध, यातायात प्रबंधन, आपदा प्रबंधन, चारधाम यात्रा और कांवड़ यात्रा जैसे अनेक मोर्चों पर पुलिस को प्रभावी भूमिका निभानी होती है।
मुख्यमंत्री ने भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता पर जोर देते हुए कहा कि राज्य सरकार ने देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और बीते चार वर्षों में 26 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। उन्होंने कहा कि राज्य में सभी परीक्षाएं पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से आयोजित की जा रही हैं।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सभी नवनियुक्त अधिकारी ईमानदारी, निष्ठा और कर्तव्यपरायणता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे और राज्य की शांति, सुरक्षा एवं जनता के विश्वास को और अधिक मजबूत करेंगे।

Post Views: 2

Post navigation

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK No thanks