एसआईआर-2026 के तहत 8 जून से घर-घर पहुंचेंगे गणना फार्म, डिजिटल निगरानी से होगी पूरी प्रक्रिया की मॉनिटरिंग
देहरादून। आगामी निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) को सफल एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सोमवार को नगर निगम सभागार में धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ), बीएलओ सुपरवाइजरों और सहायक कार्मिकों के लिए दूसरे चरण का व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना रहा, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी धर्मपुर गौरव चटवाल ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती सटीक एवं विश्वसनीय मतदाता सूची पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण में बीएलओ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और सभी कार्मिकों को निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।
प्रशिक्षण में बताया गया कि 8 जून से 17 जून 2026 तक पहले चरण में गणना फार्मों का शत-प्रतिशत वितरण किया जाएगा। इस दौरान बीएलओ अपने-अपने बूथ क्षेत्रों में घर-घर जाकर प्रत्येक मतदाता तक गणना फार्म पहुंचाएंगे। इसके बाद 18 जून से भरे हुए एवं हस्ताक्षरित फार्म प्राप्त करने का अभियान शुरू होगा। प्रत्येक मतदाता को फार्म जमा करने पर प्राप्ति रसीद भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे।
अधिकारियों ने बताया कि प्राप्त सभी गणना फार्मों को बीएलओ एप के माध्यम से डिजिटाइज्ड कर ऑनलाइन अपलोड किया जाएगा। इससे निर्वाचन संबंधी सूचनाओं का रियल टाइम सत्यापन और निगरानी संभव हो सकेगी। प्रशिक्षण के दौरान बीएलओ को एप संचालन, डेटा एंट्री, दस्तावेज अपलोड और ऑनलाइन सबमिशन की व्यवहारिक जानकारी भी दी गई।
मतदाताओं को उपलब्ध ऑनलाइन सुविधाओं की जानकारी देते हुए बताया गया कि वोटर हेल्पलाइन एप और ईसीआई नेट पोर्टल के माध्यम से गणना फार्म डाउनलोड, भरकर अपलोड तथा निर्वाचन संबंधी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। बीएलओ को इन सुविधाओं के प्रति मतदाताओं को जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए।
कार्यक्रम में गणना फार्म अपडेट करने, दस्तावेज सत्यापन और अंतिम डेटा सबमिशन की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। सभी बीएलओ को आवश्यक प्रशिक्षण सामग्री एवं कार्य निष्पादन के लिए विशेष किट भी वितरित की गई।
गौरव चटवाल ने कहा कि निर्वाचन आयोग का उद्देश्य केवल मतदाता सूची का पुनरीक्षण करना नहीं, बल्कि प्रत्येक पात्र नागरिक की लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सहभागिता सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि एसआईआर-2026 अभियान के माध्यम से धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची को और अधिक सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाया जा सकेगा।


